होडल। हरियाणा के होडल शहर में सोमवार रात बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। ट्रांसफार्मर का जंपर टूटने से कई इलाकों की बिजली गुल हो गई। आरोप है कि शिकायत के बावजूद बिजली कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं मिले। पूरी रात लोग बिजली कर्मचारियों को ढूंढते रहे और भीषण गर्मी में जागकर रात बितानी पड़ी।

मामला होडल थाना क्षेत्र से रामलीला मैदान तक के इलाके का बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार रात करीब 10 बजे ट्रांसफार्मर से जुड़ा जंपर टूट गया, जिससे बिजली आपूर्ति बंद हो गई। इसके बाद कॉलोनीवासियों ने बिजली शिकायत कार्यालय में संपर्क किया।

स्थानीय निवासी दीपक भारद्वाज, कपिल, दीपक कुमार, नरेंद्र और सोनू ने बताया कि शिकायत के बाद करीब 11 बजे एक कर्मचारी मौके पर पहुंचा और जंपर जोड़कर बिजली बहाल की। लेकिन कर्मचारी के जाने के करीब 10 मिनट बाद फिर बिजली चली गई। लोगों ने जाकर देखा तो जंपर दोबारा टूटा हुआ मिला।

इसके बाद कॉलोनी के लोग फिर शिकायत कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहां कोई कर्मचारी मौजूद नहीं मिला। लोगों ने कई कर्मचारियों को फोन भी किए, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। बाद में लोग बिजली दफ्तर पहुंचे, जहां सिर्फ एक कर्मचारी मौजूद मिला।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली निगम के एसडीओ से संपर्क करने पर उन्होंने लाइनमैन का नंबर दिया, लेकिन लाइनमैन ने पूरी रात फोन नहीं उठाया। चिलचिलाती गर्मी में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग पूरी रात परेशान होते रहे। लोग घरों के बाहर बैठकर रात गुजारने को मजबूर हो गए।

सुबह करीब 7 बजे लाइनमैन मौके पर पहुंचा और बिजली आपूर्ति बहाल की गई। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि ड्यूटी पर हाजिरी लगाने के बाद लाइनमैन घर जाकर सो गया था।

घटना के बाद इलाके में बिजली कर्मचारियों के खिलाफ भारी नाराजगी है। लोगों ने बिजली निगम से लापरवाह कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं भीषण गर्मी के बीच घंटों बिजली गुल रहने से लोगों में आक्रोश बना हुआ है।