एक्टर आमिर खान (Amir Khan) प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंटवारा 1947’ (Batwara 1947) का ट्रेलर आखिरकार रिलीज कर दिया गया है। निर्देशक राजकुमार संतोषी की यह फिल्म भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित एक भावनात्मक कहानी लेकर आ रही है। फिल्म में सनी देओल (Sunny Deol) मुख्य भूमिका निभा रहे हैं और उनके साथ शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह जैसे दमदार कलाकार नजर आएंगे।

कब हो रही रिलीज?

यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। करीब तीन मिनट के ट्रेलर की शुरुआत साल 1947 के उस दौर से होती है, जब देश बंटवारे की त्रासदी से गुजर रहा था। चारों ओर हिंसा, डर, पलायन और बिछड़ते परिवारों का दर्द दिखाई देता है। ट्रेलर में एक ऐसे परिवार की कहानी की झलक मिलती है, जिसकी जिंदगी बंटवारे की वजह से पूरी तरह बदल जाती है। जो लोग कभी एक-दूसरे के साथ रहते थे, वे अचानक हालात के चलते एक-दूसरे से दूर हो जाते हैं।

सनी का बेहतरीन अभिनय भा गया

ट्रेलर में सनी देओल (Sunny Deol) एक मजबूत और सिद्धांतों पर अडिग शख्स के किरदार में नजर आते हैं। उनका किरदार मुश्किल परिस्थितियों में भी इंसानियत और अपने जमीर का साथ नहीं छोड़ता। सनी के संवाद और उनकी गंभीर स्क्रीन प्रेजेंस ट्रेलर को प्रभावशाली बनाती है। वहीं शबाना आजमी एक बुजुर्ग महिला दुर्गावती देवी के किरदार में दिखाई देती हैं, जो नफरत के माहौल में भी लोगों के बीच इंसानियत और भरोसे की लौ जलाए रखने की कोशिश करती हैं।

लंबे समय बाद नजर आएगी प्रीति जिंटा

काफी समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहीं प्रीति जिंटा (Preity Zinta) भी ट्रेलर में अहम भूमिका निभाती नजर आई हैं। उनका किरदार बंटवारे के कठिन दौर का मजबूती से सामना करता दिखता है। इसके अलावा करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह की भी ट्रेलर में प्रभावशाली झलक देखने को मिली, जिससे साफ है कि फिल्म में कई मजबूत किरदारों की कहानी एक साथ आगे बढ़ेगी। फिल्म की एक और बड़ी खासियत इसका संगीत है।

ए.आर. रहमान का म्यूजिक है लाजवाब

ऑस्कर विजेता संगीतकार ए. आर. रहमान ने फिल्म का म्यूजिक तैयार किया है, जबकि गीतों को मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने लिखा है। ट्रेलर के बैकग्राउंड स्कोर और भावनात्मक संगीत ने इसके असर को और भी गहरा बना दिया है। यही वजह है कि ट्रेलर सिर्फ एक पीरियड ड्रामा नहीं, बल्कि इंसानी रिश्तों, दर्द और उम्मीद की कहानी का एहसास भी कराता है।