Business Desk – PPF for Child Fund : हर माता-पिता चाहते हैं कि उनके बच्चे की पढ़ाई, करियर या विदेश में उच्च शिक्षा के लिए पैसों की कमी न आए। लेकिन हर साल बढ़ती महंगाई और शिक्षा का बढ़ता खर्च भविष्य की चिंता बढ़ा देता है। ऐसे में अगर आप बिना किसी जोखिम के बच्चे के लिए बड़ा फंड तैयार करना चाहते हैं, तो पब्लिक प्रॉविडेंट फंड (PPF) एक भरोसेमंद विकल्प हो सकता है।

यह केंद्र सरकार की समर्थित बचत योजना है, जिसमें नाबालिग बच्चे के नाम पर भी खाता खोला जा सकता है। लंबी अवधि तक नियमित निवेश करने पर इसमें अच्छा फंड तैयार किया जा सकता है।

हर महीने 5,000 रुपए जमा करने पर कितना मिलेगा?

अगर आप बच्चे के PPF खाते में हर महीने 5,000 रुपए जमा करते हैं, तो सालभर में आपका निवेश 60,000 रुपए होगा। यह PPF की अधिकतम सालाना निवेश सीमा 1.5 लाख रुपए से काफी कम है। फिलहाल PPF पर 7.1% सालाना ब्याज मिल रहा है और इसकी मैच्योरिटी अवधि 15 साल है। मौजूदा ब्याज दर के हिसाब से 15 साल बाद आपके बच्चे के नाम पर लगभग 16 लाख से 17 लाख रुपए का फंड तैयार हो सकता है। हालांकि, PPF की ब्याज दर केंद्र सरकार हर तिमाही में तय करती है। इसलिए भविष्य में ब्याज दर बदलने पर मैच्योरिटी की राशि में थोड़ा बदलाव हो सकता है।

जल्दी निवेश शुरू करने का सबसे बड़ा फायदा

वित्तीय विशेषज्ञों का मानना है कि निवेश जितनी जल्दी शुरू किया जाए, उतना बेहतर होता है। अगर आपका बच्चा अभी 1 या 2 साल का है और आप अभी से PPF में निवेश शुरू करते हैं, तो चक्रवृद्धि ब्याज (कंपाउंडिंग) का पूरा फायदा मिलेगा। अगर आप 5-6 साल बाद निवेश शुरू करेंगे, तो उतना ही बड़ा फंड तैयार करने के लिए हर महीने कहीं ज्यादा पैसे निवेश करने पड़ेंगे।

PPF क्यों माना जाता है सुरक्षित निवेश?

PPF पूरी तरह केंद्र सरकार की गारंटी वाली योजना है। इसलिए इसमें बाजार के उतार-चढ़ाव का कोई असर नहीं पड़ता। यही वजह है कि जोखिम से बचने वाले निवेशकों के बीच यह योजना काफी लोकप्रिय है। इस योजना में निवेश करने पर आयकर अधिनियम की धारा 80C के तहत टैक्स छूट मिलती है। इसके अलावा खाते पर मिलने वाला ब्याज और मैच्योरिटी पर मिलने वाली पूरी राशि भी टैक्स-फ्री होती है।

सिर्फ PPF पर निर्भर न रहें

हाल के वर्षों में उच्च शिक्षा और प्रोफेशनल कोर्स की फीस तेजी से बढ़ी है। इसलिए विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि बच्चे के भविष्य के लिए केवल एक ही निवेश विकल्प पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। PPF आपके निवेश को सुरक्षा देता है, लेकिन बेहतर रिटर्न और महंगाई को मात देने के लिए इसके साथ इक्विटी म्यूचुअल फंड जैसे निवेश विकल्पों में भी धीरे-धीरे निवेश किया जा सकता है। इससे लंबी अवधि में बड़ा फंड तैयार करने में मदद मिल सकती है।

आय बढ़ने पर निवेश भी बढ़ाते रहें

अगर समय के साथ आपकी आय बढ़ती है, तो बच्चे के नाम PPF में हर महीने निवेश की जाने वाली राशि भी धीरे-धीरे बढ़ाएं। इससे मैच्योरिटी पर मिलने वाला फंड और बड़ा हो सकता है तथा भविष्य में शिक्षा या अन्य जरूरतों के लिए आर्थिक बोझ कम रहेगा।