Prashant Kishore: बांकीपुर उपचुनाव में जीत हासिल करने के बाद जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने एक इंटरव्यू के दौरान भाजपा सांसद मनोज तिवारी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि, मनोज तिवारी एक नंबर के ठग आदमी हैं और इस चुनाव के दौरान उन्होंने अपना वो स्वरूप दिखाया है। जब एक पीड़ित परिवार को, जो एक तरीके से मानसिक तौर पर परेशान है, उसको लाकर सम्राट चौधरी से मिलाना और समाज में ये मैसेज दिलाना कि इनका समझौता हो गया है, सिर्फ वोट के लिए, ये घृणित काम है।
तो दौड़ाकर लोग मारेंगे- पीके
प्रशांत किशोर ने कहा कि, उस आदमी (मनोज तिवारी) ने जो घृणित काम किया है। वो घिनौना अपराध किया है। कैमरे पर मनोज तिवारी को मैं चैलेंज कर रहा हूं, आकर उस परिवार को न्याय दिलवाओ। और नहीं दिलवा सकते हो, तो जीवन में कभी बिहार में नहीं आना। बिहार, दिल्ली नहीं है। यहां के लोग याद रखेंगे। यहां तुम्हारे गाने लोग सुनते होंगे, लेकिन आपकी बात तो नहीं सुन रहे हैं। अगली बार आओगे, तो लोग दौड़ाकर मारेंगे।
सम्राट से नाराजगी पर कही ये बात
वहीं, जब उनसे यह पूछा गया कि प्रशांत किशोर को सम्राट चौधरी से नाराजगी क्यों है?” इस सवाल के जवाब में पीके ने कहा कि, “सम्राट चौधरी व्यक्ति से नाराजगी नहीं है। बिहारी होने के नाते इस बात को लेकर नाराजगी है कि नेतृत्व तो बिहार का मुख्यमंत्री कोई ऐसा व्यक्ति कर रहा है, जो सातवीं फेल है और अपनी डिग्री के बारे में गलत सर्टिफिकेट लगाया है…ऐसे व्यक्ति को बिहार का मुख्यमंत्री नहीं होना चाहिए।”
युवाओं को लेकर कही ये बात
चुनाव में युवाओं के सपोर्ट पर प्रशांत किशोर ने कहा कि, “जन सुराज में पहले से जो यंग लड़के हैं, ज़्यादा संख्या में हैं। इसलिए हैं, क्योंकि यहां का युवा पढ़ाई, रोजगार और पलायन को बड़ा मुद्दा मानता है। वोट में वो कन्वर्ट नहीं हुआ था। संभव है हम लोगों के संगठन में कमजोरी रही होगी। संभव है कि हम लोग उस समय बात उतनी मजबूती से नहीं रख पाए होंगे। 10000 जान या रुपए का भी असर रहा होगा। लेकिन जो युवा लड़का है, जो बिहार के बाहर कभी गया है, उसको दिखता है कि बिहार कितना पीछे छूट गया है। उसको जन सुराज की बातों में वो समझ है। जन सुराज की बातों में वो चीज दिखती है कि जन सुराज जो कह रहा है, वो बिहार के हक में है। इसलिए युवा हम लोगों के साथ है।”
बीजेपी को दी ये सलाह
बांकीपुर चुनाव नतीजों पर प्रशांत ने कहा कि, “इस चुनाव में जीत से ज़्यादा बीजेपी की हार को देखना चाहिए। बीजेपी के लोगों को, बीजेपी के नेतृत्व को, यहां बिहार के लोगों ने, बांकीपुर के मतदाता ने एक संदेश दिया है कि आपको बड़ी बहुमत से सरकार बनाने का अवसर दिया गया है। उस अवसर को गंवाइए मत। उस सरकार का नेतृत्व किसी गलत आदमी को मत दीजिए। एक अच्छे आदमी को बिहार में बैठाइए, ताकि बिहार में शिक्षा, रोजगार, पलायन की बात हो सके। बिहार में लोग तरक्की चाहते हैं। लगातार सिर्फ जंगलराज के नाम पर आप वोट मांगते रहे हैं। वोट आपको मिलता भी रहा है। और उसी जंगलराज के किसी एक व्यक्ति को भगवा रंग उढ़ाकर अगर आप कुर्सी पर बैठा देंगे, तो जनता को स्वीकार नहीं होगा।”
खुद को केजरीवाल कहने पर क्या कहा?
क्या प्रशांत कुमार बिहार के अरविंद केजरीवाल बन गए?” इस सवाल के जवाब में प्रशांत किशोर ने कहा कि, “हर राज्य में अलग-अलग व्यक्ति हैं। आप विजय क्यों नहीं मानिएगा, केजरीवाल क्यों मानिएगा, आप ममता बनर्जी क्यों नहीं मानिएगा? ये कोई बात हुई। हर आदमी जो नया चुन कर आएगा, वो केजरीवाल हो जाएगा? कोई केजरीवाल पहले और अंतिम व्यक्ति थोड़ी हैं, जो जीतकर आए।”
ये भी पढ़ें- बांकीपुर जीत के बाद प्रशांत किशोर ने खोले भविष्य के पत्ते, बताया आगे का पूरा प्लान


