Prashant Kishor: बिहार एमएलसी चुनाव के लिए कल 23 अक्टूबर को मतदान होना है। इस बीच चुनाव को लेकर प्रशांत किशोर का बड़ा बयान सामने आया है। कल मुजफ्फरपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान MLC चुनाव पर प्रशांत किशोर ने कहा कि, ये चुनाव सरकार बनाने का चुनाव नहीं है। सरकार NDA की है और आगे रहेगी। ये किसी को सरकार से हटाने का भी चुनाव नहीं है। तेजस्वी यादव विपक्ष के नेता हैं और आगे भी रहेंगे लेकिन ये चुनाव है, जहां लोग अपने वोट से बिहार में बनी हुई व्यवस्था पर नकेल कस सकते हैं।

तो पीएम मोदी तक पहुंचेगी खबर- पीके

प्रशांत किशोर ने कहा कि, एमएलसी चुनाव में लोग अपने लिए एक विकल्प बना सकते हैं और सबसे महत्वपूर्ण भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व और पीएम मोदी को एक संदेश भेज सकते हैं कि बिहार की जो दुर्दशा है, बिहार का नेतृत्व, बिहार में जो कार्यक्रम सरकार चला रही है, वो यहां के लोगों को मंजूर नहीं है। लोग यहां पर जाति-धर्म से ऊपर उठकर अपने बच्चों के लिए रोजगार चाहते हैं, शिक्षकों का सम्मान चाहते हैं, लोग ये चाहते हैं, स्नातक, युवा ये चाहते हैं कि बिहार में भी रोजगार हो, फैक्ट्री हो और अभी वो समय है। अभी NDA हारेगी तो तीन साल बाद लोकसभा का चुनाव है। अभी भाजपा गठबंधन के लोग हारेंगे, तो ये खबर पीएम मोदी तक जाएगी।

सभी 8 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जन सुराज

बांकीपुर उपचुनाव में मिली जीत से उत्साहित जन सुराज ने भी सभी 8 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। जन सुराज ने बिहार एमएलसी चुनाव के लिए पटना स्नातक से डॉ. अनुज सिंह, तिरहुत स्नातक से डॉ विमोहन और तिरहुत शिक्षक से श्यामनंद यादव को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, दरभंगा शिक्षक सीट से एसपी राय, दरभंगा स्नातक सीट से रवींद्र यादव और सारण शिक्षक सीट से अफाक अहमद को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, पटना शिक्षक सीट से दिव्या ज्योति और कोसी स्नातक से रजनीश रंजन को उम्मीदवार बनाया है। एमएलसी चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होना है। वहीं, 27 तारीख को चुनाव का परिणाम सामने आएगा।

164 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कल

बिहार MLC चुनाव के लिए 8 सीटों पर कल 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होना है। वोटिंग बैलेट पेपर (मतपत्र) के जरिए कराई जाएगी, जबकि वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी। ​इस चुनाव में कुल 5,32,847 मतदाता 164 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। सुचारू और शांतिपूर्ण मतदान के लिए पूरे राज्य में 933 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। एमएलसी चुनाव में एनडीए, महागठबंधन और जन सुराज के बीच मुख्य रूप से त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें- Bhagalpur Double Murder: घर में सो रहे पति-पत्नी की हत्या, डबल मर्डर से इलाके में फैली सनसनी