Prashant Kishor: बिहार एमएलसी चुनाव को लेकर जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर लगातार अपने प्रत्याशियों के समर्थन में घूम-घूमकर प्रचार कर रहे हैं। इस बीच कल सोमवार (19, अक्टूबर) को वह किशनगंज पहुंचे, जहां उन्होंने अपने प्रत्याशियों के पक्ष में लोगों से वोट करने और उन्हें जिताने की अपील की। इस दौरान मीडिया से बातचीत के दौरान पीके ने एमएलसी चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया।
‘नीतीश के हटने के बाद NDA ने नहीं जीता चुनाव’
प्रशांत किशोर ने MLC चुनाव पर कहा कि, बिहार में NDA की जो लड़ाई अभी दिखाई दे रही है, मेरा आकलन है कि NDA अपनी जीत का खाता खोलने के लिए संघर्ष कर रहा है। पीके ने कहा कि, आप यकीन मानिए, NDA सभी आठ सीटों पर जीत का खाता खोलने की लड़ाई लड़ रहा है। नीतीश कुमार के हटने के बाद से NDA कोई चुनाव नहीं जीत पाया है।
पीके ने कहा कि, भोजपुर में MLC का चुनाव हुआ, जिसमें NDA को हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद वह बांकीपुर का किला भी नहीं बचा पाए, पूरे बिहार की तो बात ही छोड़ दीजिए। इन पूरे चुनावों में नीतीश कुमार कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। जदयू और भाजपा अलग-अलग दिखाई दे रहे हैं। नीतीश कुमार किसी के समर्थन में या किसी के प्रचार के लिए नहीं आए हैं। भाजपा और जदयू के नेता आपस में ही भिड़ रहे हैं।
‘आगे भी विपक्ष के नेता बने रहेंगे तेजस्वी’
प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि, लोकतंत्र में जनता के हाथों में ताकत होती है और यह ताकत किसी एक चुनाव से बनती या बिगड़ती नहीं है। उन्होंने कहा कि, हर छह महीने या एक साल के बाद जनता के पास सरकार बनाने, सरकार को सत्ता से हटाने या मौजूदा व्यवस्था में सुधार करने का अवसर आता है। अभी जो चुनाव हो रहा है, वह सरकार बनाने का चुनाव नहीं है और न ही किसी को सरकार से हटाने का चुनाव है। बिहार में NDA की सरकार है और वह अगले चार साल तक बनी रहेगी। इस दौरान उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को लेकर भी बड़ा बयान दिया और कहा कि, तेजस्वी यादव विपक्ष के नेता हैं और आगे भी विपक्ष के नेता बने रहेंगे।
सभी 8 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जन सुराज
बांकीपुर उपचुनाव में मिली जीत से उत्साहित जन सुराज ने भी सभी 8 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। जन सुराज ने बिहार एमएलसी चुनाव के लिए पटना स्नातक से डॉ. अनुज सिंह, तिरहुत स्नातक से डॉ विमोहन और तिरहुत शिक्षक से श्यामनंद यादव को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, दरभंगा शिक्षक सीट से एसपी राय, दरभंगा स्नातक सीट से रवींद्र यादव और सारण शिक्षक सीट से अफाक अहमद को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, पटना शिक्षक सीट से दिव्या ज्योति और कोसी स्नातक से रजनीश रंजन को उम्मीदवार बनाया है। एमएलसी चुनाव के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होना है। वहीं, 27 तारीख को चुनाव का परिणाम सामने आएगा।
ये भी पढ़ें- असत्य पर सत्य की जीत का पर्व विजयादशमी आज, CM सम्राट और नीतीश ने बिहारवासियों को दी बधाई

