Prashant Kishor: बांकीपुर उपचुनाव को लेकर प्रशांत किशोर ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने बीजेपी पर जमकर निशाना साधते हुए कहा है कि बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा का हारना तय है। पीके ने कहा कि, यह चुनाव बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर सम्राट चौधरी से किसी बेहतर को चुनने का चुनाव है। यह सिर्फ कोई एक विधायक चुनने का चुनाव नहीं है। गौरतलब है कि उपचुनाव के लिए मतदान होने में अब सिर्फ 10 दिन ही शेष रह गए हैं। ऐसे में चुनाव प्रचार के साथ-साथ बयानबाजी भी अपने चरम पर पहुंच गई है।

बीजेपी के अहंकार को तोड़ने का चुनाव- पीके

प्रशांत किशोर ने कहा कि, बांकीपुर का उपचुनाव बीजेपी के उस अहंकार को तोड़ने को चुनाव है, जिसमें उन्हें इस बात का गुमान है कि अगर वे यहां से किसी कुत्ते या बिल्ली को भी चुनाव लड़ा देंगे तो बांकीपुर के लोग उसे वोट करेंगे और उनकी जीत तय है। पीके ने कहा कि, बिहार में परिवर्तन होकर रहेगा। आज उनकी हालत ऐसी हो गई है कि बांकीपुर में उन्हें देशभर के नेताओं को बुलाना पड़ रहा है और हर गली-गली में घूमकर लोगों से वोट मांगना पड़ रहा है।

‘गली और मोहल्ले में घूर रहे मंत्री और नेता’

प्रशांत किशोर ने कहा कि, बीजेपी के बड़े-बड़े नेता और मंत्री सुबह से लेकर शाम तक हर गली और मोहल्लों में घूम रहे हैं। अलग-अलग नेता लोगों के घर 4-4 बार जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि, मुझे किसी यादव नेता ने कहा कि नित्यानंद राय आज मेरे घर दो बार आए और कहा का कि बहुत दबाव है। जिनके घर वार्ड काउंसलर नहीं जाता था। आज उनके घर नेता और मंत्री आ रहे हैं। यह बांकीपुर के जनता और वोटरों की जीत है।

बीजेपी का हारना तय- पीके

प्रशांत किशोर ने कहा कि, जन सुराज का मानना है कि अगर जनता जाग गई तो मंत्री हों या विधायक सबी को जनता के पास आना पड़ेगा। वहीं, खुद को बहरूपिया बताए जाने पर पीके ने कहा कि, बोलने के लिए तो कोई रोक है नहीं। लेकिन अगर उनमें इतना ही दम है तो वे अकेले चुनाव लड़कर देख लें। भाजपा ने पूरे बिहार से 6 हजार कार्यकर्ताओं को बांकीपुर उपचुनाव में प्रचार करने के लिए जुटाया है। दिल्ली तक के नेता बाकी नहीं है। राष्ट्रीय अध्यक्ष तक यहीं पर डेरा जमाए हुए हैं। लेकिन इससे भी उनकी जान बचने वाली नहीं है। बीजेपी का हारना तय है।

यह घबराहट किला ढहने की- पीके

प्रशांत किशोर ने कहा कि, यह घबराहट किला ढहने का है। कल तक वे बोल रहे थे कि मेरी लड़ाई राजद से है। लेकिन पूरे शहर में गलत तरीके से मेरा पोस्टर लगाकर प्रचार कर रहे हैं। गौरतलब है कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है, बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा समेत कुल 39 उम्मीदवार मैदान में हैं। बीजेपी, जनसुराज और राजद के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें- बिहार मानसून सत्र: दो कमरों में 565 बच्चों की पढ़ाई! BJP विधायक ने ही खोली शिक्षा व्यवस्था की पोल