Prashant Kishor: जन सुराज पार्टी के संस्थापक और बांकीपुर से उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट पर सर्वाधिक 64,151 वोट पाकर जीत हासिल की है। बीजेपी के नीरज सिन्हा को उन्होंने 19,324 वोटों से मात दी। नीरज सिन्हा को उपचुनाव में 44827 वोट मिले, जबकि राजद की रेखा गुप्ता को 14,273 वोट मिले।

उपचुनाव में मिली जीत पर पीके ने कहा कि, इस बार बांकीपुर की जनता ने हमें जिताया है और इसलिए जिताया है कि उनकी उम्मीद है कि हम अपनी क्षमता के अनुसार उनके हक की आवाज उठाएंगे। उनसे साथ कुछ गलत ना हो वो हर संभव प्रयास करेंगे।

किसी बेहतर व्यक्ति को बनाएं मुख्यमंत्री- पीके

प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि, बांकीपुर का जो चुनाव हुआ है, वो केवल बांकीपुर के विधायक को चुनने के लिए नहीं हुआ है। पहले ही दिन से हमारा ये लक्ष्य रहा है कि भाजपा को बहुमत मिलने के बाद एक अच्छा व्यक्ति बिहार का नेतृत्व करे ताकि बिहार का विकास हो… तो यहां न केवल एक विधायक चुना गया है बल्कि बांकीपुर की जनता ने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को ये संदेश दिया है कि आप सम्राट चौधरी की जगह किसी बेहतर व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाएं।

पीएम मोदी पर भी साधा निशाना

पीके ने पीएम मोदी पर निशाना साधा और कहा कि, जितनी चिंता आप गुजरात की करते हैं, उतनी ना सही तो कम से कम उसकी आधी चिंता भी बिहार की करें। उन्होंने कहा कि, गुजरात से 25 सांसद जाते हैं, लेकिन बिहार से 40 सांसद जीतकर जाते हैं। हमारा भी विकास हो ताकि हमारे बच्चों को ट्रेनों में बसों में जानवरों की तरह मजदूरी करने दूसरे राज्यों में ना जाना पड़े। मेरा ये अंदाजा है कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व वो इस मतदान के नतीजों को गंभीरता से लेगा और बिहार में किसी सक्षम व्यक्ति को बिहार का मुख्यमंत्री बनाएगा।

सम्राट चौधरी से व्यक्तिगत लड़ाई नहीं- पीके

प्रशांत किशोर ने यह भी कहा कि, मेरी सम्राट चौधरी से कोई व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है। दरअसल बात यह है कि क्या बिहार के 13 करोड़ लोगों का जीवन सुधारने के लिए किसी काबिल व्यक्ति को हमारा नेतृत्व नहीं करना चाहिए? या किसी ऐसे व्यक्ति को नेतृत्व करना चाहिए जिसके चाल-चरित्र और चेहरे पर प्रश्न चिन्ह है? बात व्यक्ति की भी नहीं है बल्कि बात यह है कि जिस भाजपा को हम वोट देते हैं, क्या उनकी जिम्मेदारी केवल गुजरात के प्रति है? गुजरात में 1 लाख करोड़ की बुलेट ट्रेन बनें लेकिन बिहार के लोगों के बारे में भी कुछ सोचा जाए।

ये भी पढ़ें- प्रशांत को राजनीति में लाने में उनकी पत्नी डॉ. जाह्नवी दास की अहम भूमिका, अब जीत पर कही ये बात