कुंदन कुमार, पटना। प्रशांत किशोर पटना की बांकीपुर सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए जन सुराज से उम्मीदवार होंगे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने आज रविवार (5 जुलाई) को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए उनके नाम का ऐलान किया है। प्रशांत किशोर के चुनावी मैदान में उतरने से बांकीपुर उपचुनाव का मुकाबला बेहद ही दिलचस्प हो गया है। गौरतलब है कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है।
अगर हम हार जाते हैं तो…..प्रशांत किशोर

बांकीपुर सीट से उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाए जाने पर प्रशांत किशोर की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। पीके ने कहा कि, पार्टी ने मुझे बांकीपुर से चुनाव लड़ने को कहा है। पार्टी के फैसले को हमने मानकर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। यह चुनाव इसलिए महत्वपूर्ण है कि सरकार के खिलाफ जनादेश होने वाला है। उन्होंने कहा कि, अब तक जो सम्राट चौधरी सरकार ने काम किया है। वह सही है या नहीं? अगर हम हार जाते हैं और बीजेपी जीत जाती है, तो माना जाएगा कि सम्राट चौधरी बेहतर काम कर रहे हैं।
पटना का हाई-प्रोफाइल सीट है बांकीपुर
बता दें कि बांकीपुर विधानसभा सीट पटना की हाई-प्रोफाइल सीटों में से एक है। बीजेपी का इस सीट पर दबदबा रहा है। साल 2025 में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी से नितिन नबीन ने चुनाव जीता था। हालांकि चुनाव के महज कुछ महीने बाद ही बीजेपी ने उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया और राज्यसभा का सदस्य बना दिया, जिसके बाद खाली हुई सीट पर उपचुनाव हो रहा है। जनसुराज ने इस सीट से प्रशांत किशोर को मैदान में उतारकर बांकीपुर उपचुनाव को और भी रोचक बना दिया है। उधर राजद भी इस सीट पर अपना कब्जा जमाकर बिहार की राजनीति में खुद को स्थापित करना चाहेगी।
बांकीपुर उपचुनाव का पूरा कार्यक्रम
नितिन नबीन के राज्यसभा जाने और उनके बीजेपी अध्यक्ष बनने के बाद खाली हुई बांकीपुर सीट हो रहा उपचुनाव बिहार की सियासत के लिए हाई-प्रोफाइल सीट बन गई है। चुनाव आयोग द्वारा जारी अधिसूचा के अनुसार बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 6 जुलाई से शुरू होकर 13 जुलाई तक चलेगी। इस दौरान उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। वहीं, नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 16 जुलाई निर्धारित की गई है। मतदान प्रक्रिया 30 जुलाई को संपन्न होगी, जिसके पश्चात सभी प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 3 अगस्त को मतगणना के दिन होगा।
ये भी पढ़ें- सांसद लिखी स्कॉर्पियो और बाइक में भीषण टक्कर, एक की मौत, 1 गंभीर

