Pratap Singh Khachariyawas Controversy: राजस्थान के बारां जिले में बुधवार को कांग्रेस की सभा के दौरान पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के कथित बयान पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेताओं ने गुरुवार को बूंदी कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दी। भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष नूपुर मालव सहित कई नेताओं ने मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के अनुसार, शिकायत को जांच में लिया गया है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर होगी।

सार्वजनिक मंच पर कथित टिप्पणी को लेकर भाजपा नाराज
भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष नूपुर मालव ने आरोप लगाया कि बारां में कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान प्रताप सिंह खाचरियावास ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।
नूपुर मालव के मुताबिक, भाषण में दोनों नेताओं को लेकर कथित तौर पर यह टिप्पणी भी की गई कि ‘वह पूरे राजस्थान को लूटकर खा गया है’। भाजपा नेताओं ने इन टिप्पणियों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद सार्वजनिक मंचों पर भाषा की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है।
भाजपा नेताओं ने कोतवाली थाने में दी लिखित शिकायत
मामले को लेकर गुरुवार दोपहर भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नूपुर मालव, भाजपा शहर अध्यक्ष राजकुमार श्रृंगी और भाजपा नेता निर्मल मालव सहित कई कार्यकर्ता बूंदी कोतवाली थाने पहुंचे। उन्होंने ड्यूटी ऑफिसर को प्रताप सिंह खाचरियावास के खिलाफ लिखित रिपोर्ट सौंपी और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की। भाजपा नेताओं ने कहा कि सार्वजनिक पदों पर बैठे व्यक्तियों के खिलाफ इस तरह की कथित भाषा का इस्तेमाल उचित नहीं है। उन्होंने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।
पुलिस ने शिकायत को जांच में लिया
कोतवाली थाने के सहायक उपनिरीक्षक रजनीश राठौर ने बताया कि प्रताप सिंह खाचरियावास के खिलाफ शिकायत प्राप्त हुई है। फिलहाल शिकायत को जांच में लिया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी। इस दौरान पूर्व जिला प्रवक्ता निर्मल मालव, पंकज गुर्जर, अनिल शर्मा, मुकेश मीणा, सुरेश गुर्जर, महेश जैन, कपिल मीणा सहित भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पढ़ें ये खबरें
- ‘रामायण’ में हनुमान चालीसा गाने पर क्या बोले Diljit Dosanjh? अपनी गलती के लिए मांगी माफी
- 8 नवंबर को रायपुर में मांस-मटन की बिक्री पर प्रतिबंध, होटल में भी बेचने पर होगी कार्रवाई, आदेश जारी
- Ramayana Worldwide Collection: धनतेरस पर ‘रामायण’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, पहले दिन 155 करोड़ का किया कलेक्शन
- Ranveer Singh की ‘प्रलय’ की शूटिंग से टले क्रिकेट मैच, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने जताई नाराजगी
- Shehzad Poonawalla बने ‘Rise And Fall 2’ के विनर, जीत की रकम बाढ़ पीड़ितों को किया दान

