प्रयागराज जंक्शन पर 27 सितंबर की रात प्रयागराज एक्सप्रेस के नीचे फंसी महिला यात्री को आरपीएसएफ जवानों ने चेन पुलिंग कर सुरक्षित बाहर निकाला. पांच मिनट चले इस रेस्क्यू में एएसआई महेश कुमार हरितवाल समेत तीन जवान शामिल रहे.
प्रयागराज. जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर 27 सितंबर की रात बड़ा हादसा टल गया. नई दिल्ली जाने वाली गाड़ी संख्या 12417 प्रयागराज एक्सप्रेस के रवाना होने के दौरान एक महिला यात्री ट्रेन के नीचे फंस गई, जिसे आरपीएसएफ के जवानों ने आपातकालीन चेन खींचकर सुरक्षित बाहर निकाला. पूरा बचाव अभियान रात 10:11 बजे से 10:16 बजे के बीच पांच मिनट में पूरा हुआ.
चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश
रविवार रात प्रयागराज एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर-1 से रवाना हो रही थी. इसी दौरान एक महिला यात्री ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया और संतुलन बिगड़ने के कारण गिर गई.
प्लेटफार्म पर मौजूद रेलवे स्टाफ तुरंत उसकी मदद के लिए पहुंचा. इसी दौरान जवानों की नजर दूसरी महिला यात्री पर पड़ी, जो ट्रेन के नीचे जा चुकी थी.
जवानों ने रोकी ट्रेन
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात आरपीएसएफ द्वितीय बटालियन के एएसआई महेश कुमार हरितवाल, आरक्षक प्रवेश कुमार और आरक्षक बसंत ने तत्काल आपातकालीन चेन खींची. ट्रेन रुकने के बाद जवान बोगी के नीचे पहुंचे और वहां फंसी महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
रेलवे के अनुसार, पूरी कार्रवाई महज पांच मिनट में पूरी हुई. घटना रात 10:11 बजे से 10:16 बजे के बीच की है. दोनों महिला यात्रियों ने बचाव के बाद आरपीएफ और आरपीएसएफ कर्मियों के प्रति आभार जताया.
यात्रियों से अपील
रेलवे प्रशासन ने इस कार्रवाई को ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत यात्रियों की सुरक्षा के प्रति आरपीएसएफ की सतर्कता और तत्परता का उदाहरण बताया. साथ ही यात्रियों से चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश नहीं करने और निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई है.


