आकाश श्रीवास्तव, नीमच। मध्य प्रदेश के नीमच जिले के बघाना थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां निकाह से महज 5 दिन पहले दुल्हन समेत पूरे परिवार पर एफआईआर दर्ज कर दी गई है। पीड़ित परिवार सूदखोरों की प्रताड़ना से त्रस्त है और शादी पर संकट मंडरा रहा है। पीड़ित फिरोज खान का आरोप है कि उन्होंने कुछ समय पहले 20 हजार रुपये उधार लिए थे। इसके बदले उन्होंने अब तक 60 हजार रुपये चुका दिए, फिर भी सूदखोर लगातार और पैसे मांग रहे हैं।
विवाद की शुरुआत इमली के पेड़ पर पत्थर फेंकने जैसी छोटी सी बात से हुई, जो देखते-ही-देखते मारपीट और जान से मारने की धमकी में बदल गई। फिरोज खान ने बताया कि सूदखोर शादी रुकवाने की धमकी दे रहे हैं। परिवार की शिकायत के बावजूद पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की, बल्कि उल्टा दुल्हन समेत घर के कई सदस्यों पर केस दर्ज कर दिया। अब 12 अप्रैल को होने वाले निकाह पर पूरे परिवार में डर का माहौल है।
परिवार ने पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। उन्होंने एसपी से अपील की कि शादी तक परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई जाए। बघाना थाना प्रभारी ने बताया कि यह आपसी विवाद है। दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज की गई हैं और जांच चल रही है। एक पक्ष की शिकायत पर एनसीआर भी दर्ज की गई है।परिवार का कहना है कि सूदखोरों की लगातार धमकियों के कारण घर में शादी का माहौल खुशी की जगह डर से भरा हुआ है।


