प्रमोद कुमार, कैमूर। जिले से आज शुक्रवार को एक बेहद ही दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां छत का छज्जा गिरने से 8 माह की गर्भवती महिला और अजन्मे बच्चे की दबकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसर गया। वहीं, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पूरा मामला कुदरा थाना क्षेत्र के केवढ़ी गांव की है।
खाना बनाते समय हुआ हादसा
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेते हुए पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान केवढ़ी गांव निवासी नन्दू कुमार पाल की 22 वर्षीय पत्नी रंजू कुमारी के रूप में हई है। वहीं सदर अस्पताल पहुंचे महिला के पति नंदू कुमार पाल ने बताया कि मेरी पत्नी रंजू देवी आज सुबह 8 बजे घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान छत का छज्जा गिर गया, जिसमें दबने से उसकी मौत हो गई।
इसी महीने होनी थी डिलीवरी
बताया जाता है कि छज्जा गिरने की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जिन्होंने मलबे में दबी महिला को बाहर निकाला और इलाज के लिए उसे तुरंत कुदरा पीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पति ने बताया कि मेरी पत्नी 8 माह की गर्भवती थी। इसी महीने में उसकी डिलीवरी होनी थी, लेकिन इस हादसे में दोनों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि उन्हें 2 वर्ष का एक बेटा भी है।
राजद नेता ने की मुआवजे की मांग
हादसे की सूचना मिलते ही राजद नेता वीरेंद्र कुशवाहा सदर अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन से मृतक परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग की। घटना के बाद से एक तरह जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पूरे इलाके के लोगों में शोक का माहौल बना हुआ है।
ये भी पढ़ें- मुंगेर जेल में बंद कैदी की छत से गिरकर मौत, हथौड़े से की थी अपने बड़े भाई की हत्या

