बारीपदा: ओडिशा के मयूरभंज जिले में वैसिंगा थाना क्षेत्र के गदादेउलिया छक के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. इस दुर्घटना में मयूरभंज जिला परिषद की पूर्व अध्यक्ष और गदादेउलिया पेट्रोल पंप की मालकिन कमला तिरिया की बहू की जान चली गई, जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

खबरों के अनुसार, यह हादसा मंगलवार देर रात करीब 11:30 बजे हुआ. पूर्व अध्यक्ष कमला तिरिया, उनके बेटे अभिषेक और उनकी बहू भुवनेश्वर से मेडिकल चेकअप करवाकर कार (OD11AA-8181) से बारीपदा लौट रहे थे. इसी दौरान गदादेउलिया छक के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराई. इस हादसे में कमला तिरिया, उनके बेटे अभिषेक और उनकी गर्भवती बहू को गंभीर चोटें आईं. सभी घायलों को तुरंत रेमुना अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बहू को मृत घोषित कर दिया.

हादसे की सूचना मिलने पर वैसिंगा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और फरार ट्रेलर की तलाश की जा रही है. इस दुखद घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.