सुमन चौहान, करनाल। उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि जनगणना-2027 के पहले चरण के तहत हाउस लिस्टिंग का कार्य पूरा हो चुका है। अब दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियां प्राथमिकता के आधार पर शुरू करने के निर्देश दिए।

मैनपावर का आकलन और ऑनलाइन प्रशिक्षण पर जोर

मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि जनगणना कार्य के लिए आवश्यक मैनपावर का आकलन किया जाए। साथ ही जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगनी है, उन्हें समय रहते ऑनलाइन प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मिले दिशा-निर्देश

बैठक से पहले हरियाणा के जनगणना संचालन निदेशक डॉ. ललित जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों और नगर निगम आयुक्तों के साथ बैठक कर जनगणना-2027 के दूसरे चरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

30 अगस्त तक तैयार होगी डिस्ट्रिक्ट सेंसस हैंडबुक

उपायुक्त ने बताया कि डिस्ट्रिक्ट सेंसस हैंडबुक तैयार करने का कार्य 1 अगस्त से शुरू हो चुका है और इसे 30 अगस्त तक पूरा किया जाएगा। इस कार्य के लिए पटवारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। गांव स्तर पर यह जिम्मेदारी पटवारियों को सौंपी गई है। उन्होंने संबंधित तहसीलदारों को नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए, ताकि काम तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा हो सके।

विकास योजनाओं में उपयोगी होगा दस्तावेज

डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि डिस्ट्रिक्ट सेंसस हैंडबुक एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसका उपयोग भविष्य की विकास योजनाओं, नीति निर्माण और प्रशासनिक कार्यों में किया जाएगा। यह दस्तावेज ऑनलाइन भी उपलब्ध रहेगा, जिससे विभिन्न विभागों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सुविधा मिलेगी।

समन्वय के साथ करें काम, जरूरत पड़ने पर लें पुलिस का सहयोग

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य से जुड़े कर्मचारियों का प्रशिक्षण जल्द शुरू किया जाए और उपलब्ध मैनपावर का विस्तृत आकलन किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। जरूरत पड़ने पर पुलिस विभाग का सहयोग भी लिया जाए, ताकि फील्ड में जनगणना कर्मियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में सीटीएम सुरेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m