राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्यप्रदेश के उज्जैन मंगलनाथ रोड स्थित सांदीपनि आश्रम में 4 सितंबर को होने वाले श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जन्मोत्सव के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आश्रम पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर समिति द्वारा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बारिश को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वाटरप्रूफ शेड भी तैयार किया जा रहा है ताकि बारिश के दौरान दर्शन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
लड्डू गोपाल के लिए विशेष परिधान
पंडित राहुल व्यास ने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने परिवार के साथ रात 12 बजे होने वाली आरती में शामिल हो सकते हैं। इसे देखते हुए मंदिर परिसर में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। जन्मोत्सव के लिए मंदिर के पुजारी परिवार द्वारा भगवान श्रीकृष्ण, बलराम, सुदामा, गुरु सांदीपनि और गुरु माता के लिए नीले रंग के मखमली वस्त्र तैयार करवाए जा रहे हैं। वहीं पालने में विराजने वाले लड्डू गोपाल के लिए सफेद और गुलाबी रंग के विशेष परिधान तैयार किए जा रहे हैं।
भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षास्थली
सांदीपनि आश्रम का श्रीकृष्ण जन्मोत्सव विशेष महत्व रखता है, क्योंकि धार्मिक मान्यता के अनुसार यही भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षास्थली रही है। इसी कारण जन्मोत्सव के अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों के साथ ही विदेशों से भी श्रद्धालु यहां पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन करते हैं। जन्मोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है। परिसर में रंग-बिरंगी रोशनी के साथ फूलों की विशेष सजावट की जा रही है। मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की भीड़, बारिश और दर्शन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



