शिवम मिश्रा, रायपुर। गणेश विसर्जन झांकी को लेकर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी है। 27 सितंबर को निकलने वाले गणेश झांकी के दौरान बड़ी संख्या में निकलने वाली झांकियों को देखते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कलेक्टर को पत्र लिखकर रायपुर और बिरगांव क्षेत्र में शराब दुकानों को बंद रखने की मांग की है।

पुलिस कमिश्नर ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और गणेश विसर्जन का आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से 27 सितंबर को शुष्क दिवस घोषित करने का अनुरोध किया है। पत्र में रायपुर-बिरगांव क्षेत्र की शराब दुकानों को इस दिन बंद रखने के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।

27 सितंबर को शहर के अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में गणेश प्रतिमाओं की झांकियां और विसर्जन रैलियां निकलेंगी। इसे देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात प्रबंधन को लेकर भी तैयारी पूरी कर ली है। संवेदनशील और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के साथ ही भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने की व्यवस्था की जा रही है।

अब कलेक्टर स्तर से होगा फैसला

शराब दुकानें बंद रखने को लेकर अंतिम निर्णय कलेक्टर स्तर पर लिया जाएगा। पुलिस कमिश्नर की ओर से भेजे गए पत्र के बाद अब जिला प्रशासन नियमानुसार इस संबंध में फैसला करेगा। पुलिस का उद्देश्य विसर्जन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति की संभावना को रोकना है।

लाखेनगर से महादेवघाट तक वन-वे

इस बार भी झांकी शारदा चौक से शुरू होगी, जहां झांकियों को नंबर दिए जाएंगे। इसके बाद जयस्तंभ चौक, कोतवाली, सदर बाजार, सत्ती बाजार, कंकाली तालाब, पुरानी बस्ती थाना चौक, लीली चौक, लाखेनगर चौक और सुंदरनगर होते हुए प्रतिमाएं महादेवघाट विसर्जन कुंड पहुंचेंगी। लाखेनगर चौक से महादेवघाट रिंगरोड तक ट्रैफिक वन-वे रहेगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H