य
राकेश कथूरिया, कैथल। जिले में हर घर तिरंगा अभियान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने कहा कि 9 से 17 अगस्त तक अभियान को उत्साह और जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा। इसके तहत जिले में तिरंगा रैली, बाइक रैली और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

लघु सचिवालय समेत सरकारी भवन तिरंगा लाइटों से सजेंगे
एडीसी ने बताया कि अभियान के तहत लघु सचिवालय सहित कई सरकारी भवनों को तिरंगा लाइटों से सजाया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर तिरंगा सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएंगे, ताकि लोग अभियान से जुड़ सकें।
साइकिल और बाइक तिरंगा रैली का होगा आयोजन
लघु सचिवालय सभागार में विभागाध्यक्षों की बैठक लेते हुए एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने अधिकारियों को तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि जिले में साइकिल तिरंगा यात्रा, बाइक तिरंगा रैली और शहर में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा।
शिक्षा और खेल विभाग को सौंपी गई जिम्मेदारी
उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग तिरंगा यात्रा में स्कूली बच्चों, एनएसएस, स्काउट स्वयंसेवकों और कॉलेज विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करेगा। वहीं उच्च शिक्षा विभाग की ओर से ई-बाइक रैली और खेल विभाग के सहयोग से तिरंगा बाइक रैली आयोजित की जाएगी।
तिरंगा सेल्फी और क्विज में युवाओं को जोड़ा जाएगा
एडीसी ने बताया कि 1 अगस्त से 15 अगस्त तक केंद्र सरकार के पोर्टल पर तिरंगा सेल्फी अपलोड करने और क्विज प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए युवाओं को प्रेरित किया जाएगा। इसके साथ ही तिरंगा पेंटिंग प्रतियोगिता और प्रदर्शनी का भी आयोजन होगा।
14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका दिवस
बैठक में एडीसी ने बताया कि 14 अगस्त को जिले में विभाजन विभीषिका दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान विभाजन के समय पीड़ा झेलने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
अधिकारियों को जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश
एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि अभियान के सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि हर घर तिरंगा अभियान का संदेश जिले के प्रत्येक नागरिक तक पहुंच सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


