० श्रद्धालुओं के लिए टेंट सिटी, रात्रि विश्राम और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार, प्रशासन ने तैयारियां की तेज
दुमका। राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव-2026 के शुभारंभ में अब महज एक सप्ताह का समय बचा है। 30 जुलाई से शुरू होने वाले इस विश्वप्रसिद्ध मेले को लेकर जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों ने तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
मेला आयोजन को लेकर मंदिर प्रबंधन, पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, बिजली विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, बासुकीनाथ नगर पंचायत और स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित एजेंसियां युद्धस्तर पर कार्यों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं।
टेंट सिटी में मिलेगी रात्रि विश्राम की सुविधा
इस बार श्रद्धालुओं के लिए कन्हैयापुर गांव मोड़ स्थित कारी जोरिया के समीप चार स्थानों पर टेंट सिटी विकसित की जा रही है, जहां रात्रि विश्राम की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा मयूराक्षी कला मंच में भी श्रद्धालुओं के ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
रिंग रोड और फोरलेन का होगा उपयोग
मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए नए रिंग रोड और फोरलेन मार्ग का उपयोग किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मार्गों पर छाया शेड बनाए गए हैं। वहीं, पिछले वर्ष निर्मित पथिक विश्राम गृह को भी दुरुस्त कर उपयोग के लिए तैयार किया गया है। हालांकि, कुछ स्थानों पर क्षतिग्रस्त सीमेंट बेंचों की मरम्मत की आवश्यकता बनी हुई है।
प्रशासन का दावा है कि इस बार श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं को बेहतर आवास, सुगम यातायात, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।


