संजीव घांगस,सोनीपत। आगामी महीनों में झुलसा देने वाली गर्मी के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। शुगर मिल सोनीपत की एमडी डॉ. अनमोल ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक कर आमजन और बेजुबान पशुओं की सुरक्षा के लिए चाक-चौबंद व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दो टूक कहा है कि जिले के किसी भी हिस्से में पेयजल का संकट नहीं होना चाहिए और संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ गर्मी से राहत दिलाने के लिए युद्ध स्तर पर काम करें। सरकारी कार्यालयों से लेकर सार्वजनिक स्थानों तक स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी।

जल टैंकों की मरम्मत और अस्पतालों में विशेष इंतजाम के आदेश
एमडी डॉ. अनमोल ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी जल टैंकों की लीकेज को तत्काल दुरुस्त किया जाए और जल भंडारण केंद्रों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। केवल इंसानों ही नहीं, बल्कि वन्य जीवों की प्यास बुझाने के लिए भी वन विभाग को पानी की उचित व्यवस्था करने को कहा गया है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट करते हुए आदेश दिए गए हैं कि अस्पतालों में लू और गर्मी से होने वाली बीमारियों के इलाज के लिए पर्याप्त दवाएं और बेड आरक्षित रखें ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति से प्रभावी तरीके से निपटा जा सके।
छाया और टैंकरों की व्यवस्था के साथ जनता के लिए एडवाइजरी
भीषण धूप से राहत दिलाने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर छायादार शेड और बैठने की व्यवस्था करने के निर्देश नगर परिषद और नगर निगम को दिए गए हैं। जल संकट की स्थिति से निपटने के लिए पानी के टैंकरों और अतिरिक्त वाहनों का बेड़ा तैयार रखने को कहा गया है ताकि किसी भी मोहल्ले में पानी की किल्लत होने पर तुरंत राहत पहुंचाई जा सके। एमडी ने जनता से भी अपील की है कि वे दोपहर की कड़ी धूप में निकलने से बचें और शरीर में पानी की कमी न होने दें। प्रशासन का लक्ष्य इस बार भीषण गर्मी के दौरान जिले में शून्य जनहानि और न्यूनतम परेशानी तय करना है।

