राकेश चतुर्वेदी, भोपाल/जबलपुर। मध्यप्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर 21 जून को एक ऐतिहासिक पल की साक्षी बनने जा रही है। देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के मुख्य आतिथ्य में जबलपुर में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस राज्य स्तरीय कार्यक्रम और रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (RDVV) का 36वां दीक्षांत समारोह आयोजित होने जा रहा है। इन दोनों बड़े कार्यक्रमों में राष्ट्रपति के साथ प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी विशेष रूप से शिरकत करेंगे।

गैरिसन ग्राउंड में सजेगा योग दिवस का मंच, 5 हजार लोग करेंगे योगाभ्यास

रविवार 21 जून को सुबह 6 बजे से जबलपुर के सदर स्थित ऐतिहासिक गैरिसन ग्राउंड में राज्य स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष का योग दिवस “स्वस्थ आयु के लिये योग” की विशेष अवधारणा पर आधारित है।

इस सामूहिक योगाभ्यास में शहर के लगभग 5 हजार नागरिक हिस्सा लेंगे। साथ ही 31 अलग-अलग स्कूलों के करीब 3,400 छात्र-छात्राएं भी इस अलौकिक पल का हिस्सा बनेंगे। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार भी उपस्थित रहेंगे।

रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय का 36वां दीक्षांत समारोह

योग दिवस के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस भव्य कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यपाल मंगुभाई पटेल करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार विशिष्ट अतिथि होंगे।

दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के 141 मेधावी छात्र-छात्राओं को कुल 240 गोल्ड मेडल दिए जाएंगे। इनमें से चुनिंदा 20 मेधावियों को राष्ट्रपति अपने हाथों से स्वर्ण पदक प्रदान करेंगी। समारोह में 182 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि दी जाएगी। इसके अलावा 3 विद्वानों को डी-लिट, एक को डीएससी और एक विशिष्ट व्यक्तित्व को मानद उपाधि देने का प्रस्ताव है।

इस बार के दीक्षांत समारोह का सबसे खास आकर्षण मेधावी छात्र-छात्राओं का राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के साथ होने वाला ‘ग्रुप फोटो’ सेशन रहेगा, जो विद्यार्थियों के लिए जीवनभर की अमूल्य स्मृति बनेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m