झारसुगुड़ा/राउरकेला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज भारतीय वायु सेना के एक विशेष विमान से झारसुगुड़ा पहुंचीं। हवाई अड्डे पर ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। यह राष्ट्रपति के रूप में उनका राउरकेला का पहला दौरा है। झारसुगुड़ा में औपचारिक स्वागत के बाद राष्ट्रपति एक विशेष हेलीकॉप्टर से ‘इस्पात नगरी’ राउरकेला के लिए रवाना हुईं।

राउरकेला में अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू लगभग 158 करोड़ रुपये की लागत वाली कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगी।

इन परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगी राष्ट्रपति

साइंस पार्क और प्लैनेटेरियम (ताराघर): छेंद (Chhend) में स्थित यह केंद्र वैज्ञानिक जागरूकता बढ़ाने में मदद करेगा
जनजातीय संग्रहालय (Tribal Museum): जनजातीय संस्कृति और विरासत के संरक्षण के लिए बनाया गया विशेष संग्रहालय।इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC): शहर के प्रबंधन और सुरक्षा निगरानी के लिए अत्याधुनिक केंद्र।
निर्मल मुंडा परिवेश पथ: कोएल नगर में स्थित एक प्रमुख मनोरंजन पार्क।

स्कूली छात्रों के साथ करेंगी बातचीत

राष्ट्रपति मुर्मू सेक्टर-13 स्थित मेलन मैदान में आयोजित एक सार्वजनिक समारोह में शामिल होंगी, जहां वे लगभग 10,000 स्कूली छात्रों के साथ बातचीत करेंगी। उनके स्वागत में ओडिशी, संबलपुरी और संथाली सहित विभिन्न पारंपरिक लोक नृत्यों की प्रस्तुति दी जाएगी। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए पूरे जिले और कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।