चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। खजराना थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के मामले में पिछले 6 महीने से जेल में बंद बेटे को बाहर निकलवाने के लिए उसके पिता ने सारी हदें पार कर दीं। पिता ने केस वापस लेने और समझौते का दबाव बनाने के लिए पीड़िता को ही धमकाना शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

पीड़िता को ही डराना-धमकाना शुरू कर दिया

खजराना पुलिस के मुताबिक, इसी साल 18 अप्रैल 2026 को पीड़िता की शिकायत पर अब्दुल अजीज नामक युवक के खिलाफ दुष्कर्म और विभिन्न गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के तुरंत बाद आरोपी अब्दुल अजीज को गिरफ्तार कर लिया था, और तब से वह पिछले 6 महीनों से जेल की सलाखों के पीछे बंद है। बेटा जेल से बाहर नहीं आ पा रहा था, तो उसे रिहा कराने के लिए परिवार ने कई तरह के प्रयास किए, लेकिन जब कोई रास्ता नहीं सूझा, तो उसके पिता ने शॉर्टकट अपनाते हुए पीड़िता को ही डराना-धमकाना शुरू कर दिया।

पुलिस ने आरोपी पिता को किया गिरफ्तार

पीड़िता ने जब इसकी शिकायत खजराना थाने में दर्ज कराई, तो पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के आरोपी के पिता एजाज खान (उम्र 48 वर्ष, निवासी अशरफी नगर, खजराना) को गिरफ्तार कर लिया है। इंदौर एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि पीड़िता को धमकाने और मामले को प्रभावित करने के प्रयास के आरोप में पिता एजाज खान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले में आगे की कानूनी जांच और वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m