Lifestyle Desk – जलेबी भारत की सबसे पसंदीदा पारंपरिक मिठाइयों में से एक है. इसका नाम सुनते ही बच्चों से लेकर बड़ों तक, हर किसी के मुंह में पानी आ जाता है. आमतौर पर जलेबी मैदा और चीनी की चाशनी से बनाई जाती है, लेकिन अगर आप स्वाद के साथ सेहत का भी ध्यान रखना चाहते हैं, तो रागी के आटे और गुड़ से बनी जलेबी एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है. यह जलेबी बाहर से कुरकुरी, अंदर से रसदार और स्वाद में बिल्कुल पारंपरिक जलेबी जैसी लगती है. तो आइए जानते हैं इसकी रेसिपी.

सामग्री
रागी का आटा-1 कप
गेहूं का आटा या थोड़ा मैदा-½ कप
दही-½ कप
बेकिंग सोडा-1 चुटकी
गुनगुना पानी-आवश्यकतानुसार
गुड़-1 कप कद्दूकस किया हुआ
पानी-½ कप
इलायची पाउडर-½ छोटी चम्मच
तलने के लिए घी या तेल
विधि
- सबसे पहले एक बाउल में रागी का आटा, गेहूं का आटा, दही और थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा और स्मूद बैटर तैयार करें.
- इसे ढककर 6 से 8 घंटे या रातभर के लिए रख दें, ताकि बैटर हल्का फर्मेंट हो जाए. जलेबी बनाने से पहले इसमें एक चुटकी बेकिंग सोडा मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें.
- अब एक पैन में गुड़ और पानी डालकर धीमी आंच पर गर्म करें. जब गुड़ पूरी तरह घुल जाए, तो इलायची पाउडर डालें और हल्की चाशनी तैयार कर लें. ध्यान रखें कि चाशनी बहुत ज्यादा गाढ़ी न हो.
- इसके बाद कढ़ाही में घी या तेल गर्म करें. तैयार बैटर को जलेबी बनाने वाली बोतल, पाइपिंग बैग या मोटे कपड़े में भरें और गर्म तेल में गोल-गोल जलेबी का आकार बनाते हुए डालें.
- इन्हें मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. फिर तुरंत गर्म जलेबियों को 1 से दो मिनट के लिए गुनगुनी चाशनी में डुबो दें.
- रागी और गुड़ की जलेबी को गर्मागर्म परोसने पर इसका स्वाद सबसे अच्छा लगता है. आप इसे दूध, रबड़ी या सादा दही के साथ भी परोस सकते हैं.

