राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश के पिछोर विधायक प्रीतम लोधी की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। हाल ही में एसडीओपी को धमकी भरे विवादित बयान के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने उनको नोटिस जारी कर दिया है। नोटिस में 3 दिन के अंदर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है, अन्यथा उनके विरुद्ध पार्टी अनुशासन की कार्रवाई की जाएगी। 

READ MORE: मध्य प्रदेश में यूसीसी के लिए बनेगी 5 सदस्यीय कमेटी, अप्रैल के आखिरी सप्ताह में गठन संभव

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल द्वारा जारी नोटिस में साफ लिखा गया है- “विगत दिनों आपके द्वारा जो आचरण किया गया, वह अत्यंत आपत्तिजनक है। आपके द्वारा किया गया आचरण पार्टी अनुशासन के अनुरूप नहीं है। अतः 3 दिन के अंदर अपना स्पष्टीकरण देवें। अन्यथा आपके विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।”

READ MORE: पहलगाम के शहीदों को श्रद्धांजलि: CM डॉ मोहन ने जताई संवेदना, आतंकवाद के खिलाफ सजग-एकजुट रहने की अपील

यह नोटिस प्रीतम लोधी के हालिया विवादित बयान और आचरण के बाद जारी किया गया है। हाल ही में उनके बेटे दिनेश लोधी द्वारा थार गाड़ी से पांच लोगों को टक्कर मारने के मामले में पुलिस के साथ हुई तीखी बहस और करैरा एसडीओपी आयुष जाखड़ को कथित तौर पर धमकी देने वाले बयान ने काफी विवाद खड़ा कर दिया था। आईपीएस एसोसिएशन समेत कई संगठनों ने लोधी के बयान की निंदा की थी, जिसके बाद पार्टी स्तर पर यह कार्रवाई शुरू हुई है। सूत्रों के अनुसार, प्रीतम लोधी को पार्टी अनुशासन बनाए रखने और आगे ऐसी बयानबाजी न करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। प्रीतम लोधी को दिए गए 3 दिन के अंदर जवाब देना होगा, जिसके बाद पार्टी अगला निर्णय लेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m