दिल्ली यूनिवर्सिटी (Delhi University) की लॉ फैकल्टी में सोमवार को एक प्रोफेसर पर रिसर्च स्कॉलर द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्र ने प्रोफेसर को थप्पड़ मारा। घटना के बाद डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट (DTF) ने इसकी कड़ी निंदा करते हुए आरोपी छात्र के खिलाफ सख्त और तत्काल कार्रवाई की मांग की है। DTF के मुताबिक, घटना से संबंधित CCTV फुटेज में कथित तौर पर छात्र प्रोफेसर का इंतजार करता नजर आ रहा है। फुटेज में वह प्रोफेसर के बिल्डिंग में प्रवेश करने के दौरान उनके पास पहुंचकर हमला करता दिखाई देता है। घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन में भी कार्रवाई शुरू की गई। प्रॉक्टर के आदेश के बाद आरोपी रिसर्च स्कॉलर को निलंबित कर दिया गया है।
दिल्ली यूनिवर्सिटी की फैकल्टी ऑफ लॉ में प्रोफेसर को थप्पड़ मारने के आरोपी रिसर्च स्कॉलर शुभम सिंह के खिलाफ विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। आरोपी को फैकल्टी ऑफ लॉ से निलंबित करने के साथ ही दिल्ली यूनिवर्सिटी परिसर में उसके प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है। सोमवार को सामने आई इस घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। आरोपी रिसर्च स्कॉलर के खिलाफ कार्रवाई प्रॉक्टर के आदेश के बाद की गई है। घटना को लेकर दिल्ली यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (DUTA) ने कुलपति योगेश सिंह को पत्र लिखा है। DUTA ने पत्र के माध्यम से प्रोफेसर पर हुए हमले की कड़ी निंदा की और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सख्त और प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग
दिल्ली यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर पर हमले की घटना के बाद डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट (DTF) ने शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। संगठन का कहना है कि आरोपी रिसर्च स्कॉलर का निलंबन मात्र पर्याप्त कार्रवाई नहीं है। कैंपस में शिक्षकों के साथ बदसलूकी और हमले की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी और सख्त व्यवस्था लागू करने की जरूरत है। DTF के मुताबिक, हाल के दिनों में लॉ फैकल्टी के कुछ प्रोफेसरों के साथ भी एक छात्र द्वारा कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। संगठन ने पिछले साल DUSU की ज्वाइंट सेक्रेटरी दीपिका झा पर डॉ. भीमराव आंबेडकर कॉलेज में एक प्रोफेसर को थप्पड़ मारने का आरोप भी लगाया है।
संगठन ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं पर केवल अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के बजाय भविष्य में इन्हें रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। DTF ने विश्वविद्यालय प्रशासन से कैंपस में शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त, प्रभावी और स्थायी व्यवस्था लागू करने की मांग की है।
CCTV फुटेज के आधार पर कार्रवाई
दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रॉक्टर कार्यालय की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक, आरोपी शोधार्थी को शैक्षणिक सत्र 2024-25 (फेज-2) में फैकल्टी ऑफ लॉ में प्रवेश मिला था। विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह कार्रवाई सोमवार सुबह उमंग भवन में करीब 10:30 बजे हुई घटना के CCTV फुटेज के आधार पर की है। DU प्रॉक्टर कार्यालय के अनुसार, CCTV फुटेज में शोधार्थी को प्रोफेसर के साथ कथित तौर पर मारपीट करते देखा गया है। फुटेज सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले में तत्काल कार्रवाई की।
जांच के लिए कमेटी गठित
DU प्रॉक्टर मनोज कुमार सिंह ने बताया कि घटना सोमवार सुबह हुई। उन्होंने कहा कि CCTV फुटेज में छात्र को प्रोफेसर को थप्पड़ मारते देखा जा सकता है। मामले की पूरी जांच के लिए विश्वविद्यालय की ओर से एक कमेटी का गठन किया गया है। नोटिस में कहा गया है कि संबंधित शोधार्थी को तत्काल प्रभाव से दिल्ली यूनिवर्सिटी की फैकल्टी ऑफ लॉ से निलंबित किया जाता है। मामले में जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


