यमुनानगर । हरियाणा के यमुनानगर जिले में शुक्रवार को एक प्रॉपर्टी डीलर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। फरकपुर गांव में उनका शव ऑफिस के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला। बदमाशों ने उन पर चाकुओं से हमला किया था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान 64 वर्षीय कलीराम के रूप में हुई है। वह फरकपुर गांव के रहने वाले थे और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। कलीराम अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। उनका बेटा राजेश अमेरिका में रहता है।
जानकारी के मुताबिक कलीराम रोजाना दोपहर करीब 12 बजे घर खाना खाने जाते थे, लेकिन शुक्रवार को वह घर नहीं पहुंचे। काफी देर तक इंतजार के बाद परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार ने अपने परिचित भीम को फोन कर दुकान पर जाकर देखने के लिए कहा। भीम की बिजली की दुकान कलीराम के ऑफिस के सामने ही है।
भीम जब ऑफिस के अंदर पहुंचा तो वहां का मंजर देखकर उसके होश उड़ गए। कलीराम जमीन पर खून से लथपथ पड़े थे। उनके शरीर पर चाकू के कई वार के निशान मिले। इसके बाद तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही फरकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही इलाके के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। घटना की खबर मिलते ही अमेरिका में रह रहे बेटे राजेश ने वीडियो कॉल के जरिए परिवार से बात की।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा।

