कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। संसद में साधु-संतों और चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के खिलाफ ग्वालियर में बजरंग दल सड़क पर उतर आया। कांग्रेस कार्यालय से कुछ ही दूरी पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान राहुल गांधी और पप्पू यादव का पुतला फूंका गया,पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की,लेकिन कार्यकर्ता बैरिकेड तक पहुंच गए, जिससे पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का मुक्की भी हुई।
करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत
ग्वालियर में शिंदे की छावनी स्थित कांग्रेस कार्यालय के पास बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए राहुल गांधी और पप्पू यादव के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि संसद में साधु-संतों और चढ़ावे की चोरी जैसे मुद्दे पर जिस तरह विरोध प्रदर्शन किया गया, उससे करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
बजरंग दल ने फूंका दोनों नेताओं का पुतला
प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का पुतला दहन किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पहले से बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था की थी। हालांकि, आक्रोशित कार्यकर्ता बैरिकेड तक पहुंच गए, जिसके चलते पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कुछ देर तक धक्का-मुक्की और झूमाझटकी भी हुई।
सड़क पर किया हनुमान चालीसा का पाठ
इसके बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता सड़क पर ही बैठ गए और विपक्षी नेताओं को सद्बुद्धि देने के लिए सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी और पप्पू यादव से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की और चेतावनी दी कि ऐसा नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में स्थिति नियंत्रण में रही और प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त कराया गया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


