PSL 2026 shaheen Afridi fined 10 lakh: इन दिनों पाकिस्तान में PSL 2026 चल रहा है. यह 11वां सीजन है, जो मुकाबलों के रोमांच से ज्यादा दूसरे मामलों को लेकर चर्चा में है. पहले तो बॉल टैंपरिंग को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट की भद्द पिटी और अब होटल कांड को लेकर बवाल मच गया है. इस होटल कांड में लाहौर कलंदर्स के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी फंस गए हैं. उन पर लाखों रुपए का जुर्माना ठोका गया है. ये जुर्माना किसी और ने नहीं बल्कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सख्त नियमों के चलते उनकी ही टीम ने ठोका. अब सवाल ये है कि आखिर ये होटल कांड क्या है? जिसने विश्व क्रिकेट में एक बार फिर पाकिस्तान और पीएसएल की फजीहत कराई है.

दरअसल, शाहीन शाह अफरीदी पर टीम के होटल के कमरे में कुछ मेहमानों को गुपचुप तरीके से एंट्री दिलाने का आरोप है. इसलिए उन पर 10 लाख पाकिस्तानी रुपये का तगड़ा जुर्माना ठोका गया है. बताया जा रहा है कि पंजाब पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों की मनाही के बावजूद होटल के कमरे में कुछ मेहमानों को एंट्री दी गई है. इस कांड की जिम्मेदारी सिकंदर रजा ने ली है, जबकि टीम ने इसे गलतफहमी बताया और शाहीन पर जुर्माना लगा दिया है.

आखिर क्या है होटल कांड?

ये पूरा विवाद तब उपजा है जब पाकिस्तान सुपर लीग में हिस्सा ले रही लाहौर कलंदर्स टीम के कप्तान शाहीन अफरीदी और उनके साथी खिलाड़ी सिकंदर रजा ने होटल में चार बाहरी लोगों को लाने की कोशिश की. बताया गया है कि पीसीबी के सुरक्षा अधिकारियों और पीएसएल सीईओ सलमान नजीर ने स्पष्ट रूप से इन मेहमानों को खिलाड़ियों के कमरे में जाने की अनुमति देने से इनकार कर दिया था. इसके बाद भी इन चार मेहमानों को कमरे तक ले जाया गया. रिपोर्ट्स में तो यह भी दावा किया गया है कि बाहरी लोगों ने होटल के एक कमरे में 3 घंटे बिताए. यह सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ी चूक मानी जा रही है.

सिकंदर रजा ने शाहीन को बचाने की कोशिश की

इस पूरे मामले में जिम्बाब्वे के दिग्गज खिलाड़ी सिकंदर रजा ने खुद पर दोष मढ़ लिया. उन्होंने इसकी जिम्मेदारी अपने ऊपर लेते हुए अफरीदी का बचाव करने की कोशिश की. उनका दावा था कि मेहमान केवल 40 मिनट के लिए रुके थे. अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अफरीदी पर 10 लाख पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना लगा दिया है. सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामले में यह एक्शन लिया गया है. फ्रेंचाइजी ने साफ किया है कि टीम में अनुशासन और जवाबदेही बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है.

लाहौर कलंदर्स टीम की तरफ से क्या कहा गया?

अपने कप्तान शाहीन शाह अफरीदी पर जुर्माना ठोकने वाली लाहौर कलंदर्स टीम ने इस पूरे मामले पर एक आधिकारिक बयान जारी किया है. टीम ने अपने बयान में लिखा कि ‘यह मामला किसी जानबूझकर नियम तोड़ने का नहीं, बल्कि एक गलतफहमी का परिणाम है. हम सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरा सम्मान करते हैं. हम एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) का सख्ती से पालन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए बेहतर संवाद की आवश्यकता है.’