Business Desk – PSU Bank Stocks : सरकारी बैंक (PSU Banks) के शेयरों में निवेश करने वालों के लिए अच्छी खबर है। बाजार में उतार-चढ़ाव और सरकारी बैंकों की कमाई की रफ्तार कुछ धीमी पड़ने के बावजूद ब्रोकरेज हाउस ICICI Securities ने सात बड़े PSU बैंक शेयरों पर कवरेज शुरू की है। ब्रोकरेज का मानना है कि आने वाले वर्षों में इन बैंकों की कमाई और रिटर्न मजबूत बने रह सकते हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2027 और 2028 में इन बैंकों का रिटर्न ऑन इक्विटी (RoE) करीब 15% के स्तर पर बना रह सकता है। साथ ही कई सरकारी बैंक अभी भी आकर्षक वैल्यूएशन पर कारोबार कर रहे हैं, जिससे लंबी अवधि के निवेशकों के लिए इनमें अवसर दिखाई दे रहा है।

Indian Bank: 19.5% तक तेजी की संभावना

ICICI Securities ने Indian Bank पर ‘Buy’ रेटिंग दी है। ब्रोकरेज ने इसका टारगेट प्राइस 1,000 रुपए रखा है, जो मौजूदा स्तर से करीब 19.5% की संभावित बढ़त दर्शाता है।

रिपोर्ट के अनुसार बैंक का नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM), कोर प्री-प्रोविजन ऑपरेटिंग प्रॉफिट (PPOP) और Expected Credit Loss (ECL) मजबूत स्थिति में हैं। इसी वजह से इसे PSU बैंकिंग सेक्टर का मजबूत खिलाड़ी माना गया है।

Bank of Maharashtra: सबसे ज्यादा 26% अपसाइड

इस सूची में सबसे ज्यादा संभावित रिटर्न Bank of Maharashtra में देखा गया है। ICICI Securities ने इस शेयर पर ‘Buy’ रेटिंग देते हुए 100 रुपए का टारगेट प्राइस दिया है। यह मौजूदा कीमत से करीब 26% की संभावित तेजी का संकेत देता है।

ब्रोकरेज के मुताबिक बैंक की CASA (Current Account Saving Account) मजबूत है, ग्रोथ प्रोफाइल बेहतर है, नेट एनपीए कम है और RoE भी मजबूत बना हुआ है। हालांकि रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि बैंक को अपनी टेक्नोलॉजी और कोर फीस इनकम बढ़ाने पर काम करना होगा।

Union Bank of India: 21% तक बढ़ सकता है शेयर

Union Bank of India पर भी ICICI Securities ने ‘Buy’ रेटिंग दी है। इसका टारगेट प्राइस 210 रुपए रखा गया है, जो मौजूदा स्तर से करीब 21% की संभावित बढ़त दिखाता है।

रिपोर्ट के अनुसार बैंक का NIM अपेक्षाकृत कम है क्योंकि CASA ग्रोथ धीमी रही है और आयकर रिफंड पर मिलने वाला ब्याज अन्य आय में शामिल किया गया है। इसके बावजूद ब्रोकरेज ने बैंक की भविष्य की संभावनाओं को सकारात्मक बताया है।

Punjab National Bank: 11% तक अपसाइड

Punjab National Bank (PNB) पर ICICI Securities ने ‘Add’ रेटिंग दी है और 125 रुपए का टारगेट प्राइस तय किया है। यह मौजूदा स्तर से करीब 11% की संभावित तेजी का संकेत देता है।

ब्रोकरेज का मानना है कि बैंक की एसेट क्वालिटी आगे भी मजबूत रह सकती है। हालांकि क्रेडिट कॉस्ट में बड़ी गिरावट की संभावना कम है। इसी वजह से बैंक का RoA करीब 0.9% रहने का अनुमान लगाया गया है।

Bank of India: अच्छी ग्रोथ, लेकिन कुछ चुनौतियां भी

Bank of India पर ब्रोकरेज ने ‘Add’ रेटिंग देते हुए 155 रुपए का टारगेट प्राइस दिया है। यह मौजूदा स्तर से करीब 11.5% की संभावित तेजी दर्शाता है।

रिपोर्ट के मुताबिक बैंक की लोन ग्रोथ और नेट इंटरेस्ट मार्जिन मजबूत रह सकते हैं। हालांकि कमजोर कोर PPOP और Expected Credit Loss (ECL) के प्रभाव से वित्त वर्ष 2027 में बैंक का RoA एक प्रतिशत से नीचे रहने का अनुमान है।

Canara Bank: गोल्ड लोन सबसे बड़ी ताकत

Canara Bank पर भी ICICI Securities ने ‘Add’ रेटिंग बरकरार रखी है। ब्रोकरेज ने इसका टारगेट प्राइस 140 रुपए तय किया है, जो मौजूदा स्तर से करीब 10.2% की संभावित बढ़त दिखाता है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि बैंक की कुल लोन बुक में गोल्ड लोन की हिस्सेदारी करीब 20% है। इससे लोन ग्रोथ मजबूत रहती है, PSLC फीस आय बढ़ती है, RoE बेहतर होता है और कृषि क्षेत्र के NPA को नियंत्रित रखने में भी मदद मिलती है।

Bank of Baroda: आकर्षक वैल्यूएशन बना बड़ी वजह

Bank of Baroda पर ICICI Securities ने ‘Add’ रेटिंग देते हुए 275 रुपए का टारगेट प्राइस दिया है। यह मौजूदा स्तर से करीब 11.33% की संभावित तेजी का संकेत देता है।

ब्रोकरेज के अनुसार बैंक का कोर PPOP अपेक्षाकृत कमजोर है और ग्रोथ प्रोफाइल में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। इसके बावजूद मौजूदा वैल्यूएशन इसे निवेशकों के लिए आकर्षक विकल्प बनाता है।

ब्रोकरेज की राय: PSU बैंकों में अभी भी अवसर

ICICI Securities का मानना है कि सरकारी बैंकों में तेज मुनाफे की ग्रोथ भले ही पहले जैसी नहीं रही हो, लेकिन उनकी बैलेंस शीट, एसेट क्वालिटी, मुनाफा और रिटर्न ऑन इक्विटी अभी भी मजबूत हैं।

ब्रोकरेज के मुताबिक, लंबी अवधि के निवेशक इन बैंक शेयरों पर नजर रख सकते हैं। हालांकि किसी भी शेयर में निवेश करने से पहले अपनी जोखिम उठाने की क्षमता, वित्तीय लक्ष्य और जरूरत पड़ने पर वित्तीय सलाहकार की सलाह जरूर लें।