मनोज यादव, कोरबा। शहर के सीएसईबी चौकी के ठीक सामने रेलवे फाटक के पास युवकों के बीच सरेआम मारपीट का मामला सामने आया है। दिनदहाड़े हुई मारपीट के दौरान युवकों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसों और मुक्कों की बरसात कर दी। इस दौरान एक युवक के कपड़े तक फाड़ दिए गए।

मारपीट का वीडियो वायरल, पुलिस से हुई शिकायत
घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में राहगीरों की भीड़ जुट गई, लेकिन अधिकांश लोग मूकदर्शक बने रहे। मारपीट के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम की स्थिति बन गई। वाहन चालक लगातार हॉर्न बजाते रहे, लेकिन काफी देर तक हंगामा चलता रहा। इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद पीड़ित युवक सीएसईबी चौकी पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि मारपीट की शिकायत प्राप्त हुई है। पीड़ित के बयान के आधार पर आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल, मारपीट का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


