राकेश कथूरिया, कैथल। जिला कैथल में जनगणना 2027 के तहत हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) का कार्य लगातार जारी है। इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को लेकर जिला सांख्यिकी अधिकारी निर्मल कौर ने विभिन्न खंडों में पर्यवेक्षकों की बैठक लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

बैठकें तहसील गुहला, नगर पालिका राजौंद, पूंडरी और सीवन क्षेत्र में आयोजित की गईं। इनमें जनगणना कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। चार्ज अधिकारियों और जिला सांख्यिकी अधिकारी निर्मल कौर ने पर्यवेक्षकों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
निर्मल कौर ने कहा कि जनगणना देश का एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके आधार पर भविष्य की योजनाएं और सरकारी नीतियां तय की जाती हैं। इसलिए आमजन का सहयोग बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि कर्मचारी जब घर-घर जानकारी लेने पहुंचे तो लोग सही, सटीक और अद्यतन जानकारी उपलब्ध करवाएं। गलत या अधूरी जानकारी से विकास योजनाओं और सुविधाओं के निर्धारण पर असर पड़ सकता है।
उन्होंने बताया कि हाउस लिस्टिंग ब्लॉक का कार्य जनगणना की आधारभूत प्रक्रिया है। इसके जरिए क्षेत्र के मकानों, परिवारों और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी जानकारी एकत्र की जाती है। इसी डेटा के आधार पर आगे की जनगणना प्रक्रिया संचालित होगी।
बैठक में अधिकारियों ने पर्यवेक्षकों को निर्देश दिए कि वे कार्य में पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी बरतें। प्रत्येक रिकॉर्ड का सही तरीके से सत्यापन किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।
डीएसओ निर्मल कौर ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े ही जिले और प्रदेश के विकास कार्यों, सुविधाओं के विस्तार और कल्याणकारी योजनाओं का आधार बनते हैं। ऐसे में आमजन का सहयोग जिले के समग्र विकास में भी अहम भूमिका निभाएगा।

