कैथल जिले के पूंडरी क्षेत्र में अवैध शराब का धंधा करने वालों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने 240 बोतल अवैध देसी शराब के साथ संजीव उर्फ नोनी को काबू किया है।
सूबे सिंह मोर, कैथल। जिले के पूंडरी क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। 2 मई को स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (SDU) ने गुप्त सूचना के आधार पर एक दुकान पर छापेमारी कर 240 बोतल अवैध देसी शराब बरामद की। इस दौरान पुलिस ने पूंडरी निवासी संजीव उर्फ नोनी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के दिशा-निर्देशों के तहत की गई है।
विशेष टीम ने की ताबड़तोड़ कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट के प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में ए.एस.आई. बलकार सिंह की टीम को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है। गुप्त सूचना मिलने पर टीम ने पुंडरी की एक दुकान पर दबिश दी, जहाँ तलाशी के दौरान 20 गत्ता पेटियों में 240 बोतल अवैध देसी शराब का जखीरा मिला। पुलिस टीम ने पूरी शराब को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध धंधे में और कौन-कौन शामिल है।
आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी प्रक्रिया शुरू
इस मामले में थाना पुंडरी में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है और क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ आगे भी इस तरह की सख्ती जारी रहेगी।

