Punjab Accident News : हाजीपुर: पंजाब के हाजीपुर-मुकेरियां-तलवाड़ा मार्ग पर बेगपुर कमलूह के पास भीषण सड़क हादसा हुआ. ट्रैक्टर और टिप्पर की जोरदार टक्कर में टिप्पर चालक की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही हाजीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
जानकारी के मुताबिक, सतवंत सिंह पुत्र नरिंदर सिंह माइनिंग मटेरियल से भरा टिप्पर लेकर तलवाड़ा से मुकेरियां की ओर जा रहे थे. जैसे ही वह बेगपुर कमलूह के पास पहुंचे, तभी तलवाड़ा की ओर से पराली लेकर आ रहे ट्रैक्टर ने टिप्पर को साइड से जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टिप्पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में सतवंत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई. स्थानीय लोगों के जरिए उनके परिवार को दुर्घटना की जानकारी मिली.
सूचना मिलने पर हाजीपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया. पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है. पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है.

