लुधियाना। पंजाब की सियासत में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी रणनीति साफ कर दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने रविवार को दोहराया कि पार्टी राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी।
लुधियाना में आयोजित ‘जागरण फिल्म फेस्टिवल’ में पहुंचे ढिल्लों ने दावा किया कि आगामी चुनाव के बाद पंजाब में भाजपा के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार का गठन होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का फोकस पंजाब को नशे और गैंगस्टरवाद से मुक्त कराने के साथ-साथ भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर रहेगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब में रोजगार के पर्याप्त अवसर पैदा करना भाजपा की प्राथमिकताओं में शामिल है। ढिल्लों के मुताबिक, आज प्रदेश का लगभग हर वर्ग किसी न किसी समस्या से जूझ रहा है और जनता अब सत्ता में बदलाव का मन बना चुकी है।
नशे के खिलाफ यात्रा में 3,970 किलोमीटर का सफर
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी की ओर से नशे के खिलाफ निकाली गई यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने करीब 3,970 किलोमीटर की दूरी तय की। इस दौरान पंजाब के अलग-अलग गांवों और शहरों में जाकर लोगों से सीधा संवाद किया गया।
ढिल्लों ने कहा कि इस यात्रा के दौरान नशे की वजह से अपने बच्चों को खो चुके परिवारों से मुलाकात हुई। विशेष रूप से उन माताओं का दर्द करीब से देखने को मिला, जिन्होंने नशे के कारण अपने बेटे खो दिए। उन्होंने कहा कि इन मुलाकातों से यह स्पष्ट हुआ कि पंजाब के लोग नशे की समस्या को लेकर बेहद चिंतित हैं।
उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में आने से पहले नशे के खिलाफ बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति में अपेक्षित बदलाव दिखाई नहीं दिया।
2029 तक देश को नशामुक्त करने का लक्ष्य
ढिल्लों ने कहा कि केंद्र सरकार ने 31 मार्च 2029 तक देश को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। भाजपा इस दिशा में गंभीरता से काम कर रही है और पंजाब में भी नशे के खिलाफ अभियान को मजबूती दी जा रही है।
‘चिट्टा’ और ‘कनाडा’ को बताया पंजाब की दो बड़ी चुनौतियां
पंजाब की मौजूदा स्थिति पर टिप्पणी करते हुए ढिल्लों ने कहा कि प्रदेश को दो ‘सी’ ने बड़ा नुकसान पहुंचाया है। इनमें पहला ‘चिट्टा’ यानी नशा और दूसरा ‘कनाडा’ यानी युवाओं का विदेश पलायन है।
उन्होंने कहा कि नशे की वजह से पंजाब की युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है, जबकि रोजगार के सीमित अवसरों और बेहतर भविष्य की तलाश में बड़ी संख्या में पढ़े-लिखे युवा विदेशों का रुख कर रहे हैं। भाजपा का उद्देश्य प्रदेश में रोजगार और बेहतर आर्थिक अवसर उपलब्ध कराकर युवाओं को पंजाब में ही भविष्य बनाने का माहौल देना है।
परगट सिंह को दी नई जिम्मेदारी की बधाई
कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह को लेकर पूछे गए सवाल पर ढिल्लों ने कहा कि वह उनका सम्मान करते हैं और नई जिम्मेदारी मिलने पर उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।
हालांकि, उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी में अंदरूनी खींचतान कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने भीतर एकजुटता कायम करने की जरूरत है।
- भाजपा प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने CM साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से की मुलाकात, महत्वपूर्ण विषयों पर हुई चर्चा
- रिश्तेदार नहीं ‘दानव’: गेस्ट हाउस ले जाकर मौसा ने पार कीं हैवानियत की हदें, विरोध करने पर आंखें कर दीं जख्मी
- छत पर बैनर उतारते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए मां-बेटे, दोनों की मौत; भतीजा गंभीर
- भाजपा की बैठकों में ‘मिशन-2028’ का शंखनाद, स्मृति ईरानी ने कहा- यह सिर्फ चुनावी लक्ष्य नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता, विकास और सुशासन का संकल्प
- देहरादून में जनसैलाब! पेपर लीक, बेरोजगारी और महिला सुरक्षा को लेकर कांग्रेस का हल्ला बोल, जानें न्याय यात्रा की खास बातें

