चंडीगढ़: पंजाब और चंडीगढ़ इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में हैं। तेज लू और बढ़ते तापमान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। चंडीगढ़ में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक है। वहीं बठिंडा और फरीदकोट में पारा 44.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे हालात और भी ज्यादा गंभीर हो गए हैं।
मौसम विभाग ने 25 अप्रैल के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि कई जिलों में लू चलने के साथ-साथ रात के समय भी गर्मी बनी रह सकती है। पंजाब के ज्यादातर हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
अमृतसर, लुधियाना, पटियाला और रूपनगर जैसे प्रमुख शहरों में भी लगातार तापमान बढ़ रहा है। खास बात यह है कि रात के समय भी गर्मी कम नहीं हो रही, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, मोगा, फिरोजपुर, फाजिल्का, बरनाला, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा, संगरूर और पटियाला जिलों में लू चलने की संभावना है। इन इलाकों में दिन के समय तेज गर्म हवाएं चल सकती हैं। वहीं अमृतसर, तरनतारन और लुधियाना में रातें भी गर्म रहने की संभावना जताई गई है।

आंकड़ों के मुताबिक, अमृतसर में तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना और पटियाला में 42.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि बठिंडा और फरीदकोट में यह 44.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। अन्य जिलों में भी तापमान 35 से 40 डिग्री के बीच बना हुआ है।
फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं दिख रही, जिसके चलते गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। रात का तापमान भी 22 से 26 डिग्री के बीच बना हुआ है, जिससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल रही।
26 से 30 अप्रैल के बीच पंजाब में हल्की से मध्यम बारिश
हालांकि राहत की उम्मीद जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, एक पश्चिमी विक्षोभ और हरियाणा के ऊपर बने हल्के चक्रवाती परिसंचरण के कारण 26 से 30 अप्रैल के बीच पंजाब के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
26 और 27 अप्रैल को कुछ जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं 28 अप्रैल तक पंजाब के अधिकांश इलाकों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
- राज्यपाल के दया याचिका खारिज करने के फैसले पर दोबारा विचार का कोई प्रावधान नहीं : हाईकोर्ट
- कुएं में जहरीली गैस से दर्दनाक हादसा, बैल को बचाने उतरे तीन ग्रामीणों की मौत
- आगरा में खौफनाक वारदात: पति की हत्या कर बाथरूम में दफना दी लाश,कमोड के पांच फिट नीचे मिली डेड बॉडी
- RGPV में पेपर हुआ चोरी! प्रबंधन ने दर्ज कराई FIR, कुलपति का नोटिस; कांग्रेस ने उठाए सवाल
- प्रदेश में विकसित होगा एकीकृत ट्रॉमा नेटवर्क, हर जिले तक पहुंचेगी कैंसर उपचार सुविधा

