अमृतसर। लगातार अल्टीमेटम देने के बाद किसान मजदूर मोर्चा ने अपनी मांगों को लेकर अब रेल रोको आंदोलन शुरू कर दिया है. इसके अंतर्गत
गुरुवार को अमृतसर के गांव देवीदासपुरा और फिरोजपुर में मल्लांवाला रेलवे ट्रैक पर धरना शुरू हुआ जहां बड़ी संख्या में किसान मौजूद नजर
आए.

आपको बता दें कि मोर्चा की ओर से सरकार को दोपहर 12 बजे तक मांगों पर सकारात्मक फैसला लेने का अल्टीमेटम दिया गया था निर्धारित समय तक सरकार की ओर से कोई जवाब नहीं मिलने के बाद किसानों ने रेल रोको आंदोलन शुरू कर दिया.

खबर है कि इस आंदोलन की पहले ही तैयारी की जा चुकी थी. मोर्चा के सदस्य बड़ी संख्या में रात को ही देवीदासपुरा पहुंच गए थे. किसान नेताओं का कहना था कि वे अंतिम समय तक सरकार के जवाब का इंतजार कर रहे थे. उम्मीद थी कि सरकार उनकी मांगों पर विचार करते हुए कोई निर्णय लेगी, लेकिन दोपहर 12 बजे तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर रेल ट्रैक पर धरना शुरू करने का फैसला लिया गया, जिसके बाद ट्रेनों पर असर दिखने लगा है.

कई ट्रेनों में दिखा असर

किसानों का रेलवे ट्रैक में जमा करने का असर पंजाब के अलग अलग स्थानों से आने वाली ट्रेनों में दिखा है.अमृतसर-नई दिल्ली रेलवे ट्रैक पर जंडियाला गुरु स्टेशन के पास देवीदासपुरा में किसान ट्रैक पर बैठने के बाद ट्रेनों पर इसका असर दिखा है, जिससे अमृतसर-न्यूजलपाईगुड़ी एक्सप्रेस साप्ताहिक, अमृतसर-जयनगर शहीद एक्सप्रेस, नंगल डैम एक्सप्रेस और अमृतसर-कादियां को तरन तारन रास्ते रवाना किया जाएगा.