तरनतारन : बीते दिनों पंजाब पुलिस के हैड कांस्टेबल करणबीर सिंह को गिरफ्तार किया गया. इसके पास से उस समय 15 किलो हेरोइन मिली थी जिसके बाद उसे पुलिस ने गिरफ्तार किया था, पूछताछ के बाद निशानदेही पर अब 10 किलो और हेरोइन बरामद होने की सूचना मिली है. पुलिस को अनुमान है कि इस तरह की आपत्तिजनक चीजें छुपा कर रखी गई हैं.

जानकारी सामने आई है कि शनिवार शाम एन.सी.बी. की टीम ने आरोपी के पैतृक गांव भूसे में दबिश देकर गांव में स्थित एक टावर के नजदीक छिपाकर रखी गई हैरोइन बरामद की है. इसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 करोड़ रुपए बताई जा रही है. हालांकि, इस नई बरामदगी को लेकर फिलहाल किसी भी संबंधित अधिकारी द्वारा आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार बी.एस.एफ. की 115वीं बटालियन और एन.सी.बी. की संयुक्त टीम ने बीते दिनों सीमावर्ती गांव लहियां के नजदीक नाकाबंदी के दौरान पंजाब पुलिस के हैड कांस्टेबल करणबीर सिंह को उस समय गिरफ्तार किया था, जब वह अपनी स्विफ्ट कार में सवार होकर वापस लौट रहा था. कार की तलाशी लेने पर उसमें से 3 पैकेटों में रखी कुल 15 किलो हैरोइन के अलावा एक रिवॉल्वर, 5 जिंदा कारतूस, करीब 7 हजार रुपए की नकदी, 2 मोबाइल फोन, 5 पहचान पत्र, ए.टी.एम. कार्ड, एक डोंगल और मोबाइल चार्जर बरामद किए गए थे.

एंटी ड्रोन सिस्टम में था तैनात

आपको बता ने की गिरफ्तार हैड कांस्टेबल करणबीर सिंह एंटी ड्रोन सिस्टम में तैनात था. गिरफ्तारी के बाद एन.सी.बी. ने आरोपी को अपनी हिरासत में लेकर लगातार पूछताछ शुरू कर दी थी. इसके साथ ही उसके कब्जे से बरामद मोबाइल फोन की भी बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि नशा तस्करी से जुड़े संभावित नैटवर्क का पता लगाया जा सके.