चंडीगढ़। पंजाब में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने राज्यभर में अलर्ट जारी कर दिया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने शनिवार को कहा कि सरकार ने हीटवेव से निपटने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं और लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने सभी सिविल सर्जनों को निर्देश दिए हैं कि जिला अस्पतालों, सब-डिवीजन अस्पतालों और कम्युनिटी हेल्थ सेंटरों में गर्मी से जुड़ी बीमारियों के इलाज के लिए 24 घंटे तैयारियां सुनिश्चित की जाएं।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश में लगातार बढ़ते तापमान के कारण हीट स्ट्रेस, हीट इग्जॉशन और हीट स्ट्रोक के मामलों का खतरा बढ़ गया है। इसके अलावा हृदय और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की दिक्कतें भी बढ़ सकती हैं।
स्थिति को देखते हुए सभी सरकारी अस्पतालों में विशेष हीट स्ट्रोक मैनेजमेंट यूनिट स्थापित की गई हैं। इन यूनिटों में आइस पैक, कोल्ड आईवी फ्लूड समेत जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं।
उन्होंने कहा कि अस्पतालों में ओआरएस, आवश्यक दवाइयों और इमरजेंसी मेडिकल सप्लाई का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही एंबुलेंस सेवाओं को भी विशेष रूप से तैयार किया गया है, ताकि मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के दौरान प्राथमिक कूलिंग सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके।
स्वास्थ्य विभाग गर्मी से संबंधित बीमारियों की निगरानी के लिए आईएचआईपी पोर्टल का उपयोग कर रहा है। वहीं जिला स्तर पर टास्क फोर्स बनाकर शिक्षा, श्रम और परिवहन विभागों के साथ समन्वय बैठकों का सिलसिला भी शुरू कर दिया गया है।
डॉ. बलबीर सिंह ने लोगों से अपील की कि बुजुर्ग, बच्चे और पहले से बीमार व्यक्ति विशेष सावधानी बरतें। उन्होंने सलाह दी कि दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।
- नौकरी की तलाश में रूस गया छत्तीसगढ़ का युवक लापता, युद्ध में शामिल होने के लिए दबाव बनाने का आरोप, बहन ने लगाई मदद की गुहार
- मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण को लेकर बैठक, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रस्तावों पर जताई सहमति
- सरकारी यूरिया के पीले कट्टे खोलकर सफेद बोरियों में भर रहे थे, गोदाम पर छापा
- सलकनपुर आश्रम में इस बार क्यों बदला माहौल? शरद पूर्णिमा उत्सव में न मंच पर उत्तम स्वामी और न आमंत्रण पत्र में नेताओं के नाम, चर्चाओं का बाजार गर्म
- AIT चौक से गुजरने वाले ध्यान दें, रात 10 बजे से बदलेगा रास्ता

