तपा मंडी। पंजाब के बरनाला जिले के विधानसभा क्षेत्र भदौड़ के अंतर्गत आने वाले तपा मंडी शहर को अब एक मजबूत सुरक्षा कवच मिल गया है। राज्य सरकार के प्रयासों से शहर के एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स और मुख्य बाजारों में 51 लाख रुपये की लागत से 88 अत्याधुनिक ANPR (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन) सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों का औपचारिक उद्घाटन भदौड़ के विधायक लाभ सिंह उगोके और बरनाला के एसएसपी मोहम्मद सरफराज आलम ने संयुक्त रूप से किया।

एक करोड़ के प्रोजेक्ट का हिस्सा

विधायक लाभ सिंह उगोके ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के दिशा-निर्देशों पर पूरे विधानसभा क्षेत्र की सुरक्षा को चाक-चौबंद किया जा रहा है। तपा मंडी और भदौड़ के लिए कुल एक करोड़ रुपये का बजट सीसीटीवी प्रोजेक्ट के लिए रखा गया है, जिसके तहत आज तपा मंडी में 88 हाई-टेक कैमरे सक्रिय कर दिए गए हैं।

क्या है इन कैमरों की खासियत?

एसएसपी मोहम्मद सरफराज आलम ने इन कैमरों की तकनीकी खूबियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी ये कैमरे सेंसर टाइप तकनीक से लैस हैं, जो वाहनों के नंबर प्लेट को तुरंत कैप्चर कर लेते हैं। यह तकनीक रात के अंधेरे में भी स्पष्ट फुटेज लेने में सक्षम है, जिससे अपराधी किसी भी समय बच नहीं पाएंगे। कैमरे द्वारा रिकॉर्ड किया गया सारा डेटा तुरंत सिस्टम में अपडेट हो जाता है, जिससे जांच एजेंसियों को अपराधियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।

400 कैमरों से पूरे जिले की होगी निगरानी

एसएसपी ने बताया कि बरनाला पुलिस जल्द ही एक ‘एडवांस कमांड एंड कंट्रोल सेंटर’ स्थापित करने जा रही है। एक महीने के भीतर एसएसपी कार्यालय बरनाला में यह सेंटर तैयार हो जाएगा, जहां पूरे जिले के 400 सीसीटीवी कैमरों का फीड कंट्रोल रूम से जुड़ा होगा। इसके माध्यम से 24 घंटे पूरे जिले की सुरक्षा पर सीधी नजर रखी जाएगी।

अपराध पर लगेगी लगाम

नगर काउंसिल तपा की प्रधान डॉ. सोनिका बंसल और समाजसेवी हेमराज शंटी मोड़ ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि तपा शहर के निवासियों को इसका बहुत बड़ा लाभ मिलेगा। स्थानीय लोगों का मानना है कि इन कैमरों के लगने से मोटरसाइकिल चोरी, चेन स्नेचिंग और नशा तस्करी जैसी वारदातों पर नकेल कसेगी। यह हाई-टेक सिस्टम अब शहर के लिए एक ‘तीसरी आंख’ की तरह काम करेगा, जो अपराधियों के मन में डर पैदा करेगा और आम नागरिकों को सुरक्षा का अहसास कराएगा।