चंडीगढ़। पंजाब की राजनीति में इस समय दिग्गज नेताओं के दल-बदल और घर वापसी को लेकर सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह समेत कांग्रेस छोड़ चुके कई बड़े नेताओं की पार्टी में वापसी की चर्चाएं बेहद तेज हो गई हैं।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के हालिया बयान के बाद इन अटकलों को और बल मिला है। इस बीच, पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के बयानों ने इस सियासी आग में घी डालने का काम किया है। राजा वड़िंग और हरपाल सिंह चीमा ने कैप्टन अमरिंदर सिंह की वापसी की खबरों पर अपनी प्रतिक्रिया देने के साथ-साथ भाजपा में गए सुनील जाखड़ और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर तीखे तीर चलाए हैं।
राजा वड़िंग के तीखे बोल: जाखड़ और बिट्टू अब BJP के लिए बोझ
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग ने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि ये नेता भाजपा में ‘परफॉर्म’ नहीं कर पाए, इसलिए पार्टी ने इन्हें बहुत जल्दी EX कर दिया है। वड़िंग ने कहा कि सुनील जाखड़ न तो कांग्रेस में दफ्तर से बाहर निकलते थे और न ही भाजपा में बाहर निकले। वे सिर्फ कमरे में बैठकर बयानबाजी करने वाले नेता हैं, इसी वजह से भाजपा ने उन्हें अध्यक्ष पद से हटा दिया। यही हाल रवनीत बिट्टू का है, जो सिर्फ बयानबाजी करते हैं और केंद्रीय मंत्री रहते हुए कोई ठोस प्रदर्शन नहीं कर पाए। अब भाजपा उन्हें मंत्री पद से भी हटाने की तैयारी में है।
रवनीत बिट्टू को दोबारा राज्यसभा उम्मीदवार न बनाए जाने पर वड़िंग ने दावा किया कि भाजपा अब बिट्टू से पीछा छुड़ाना चाहती है, इसलिए उन्हें दोबारा मौका नहीं दिया गया। वड़िंग ने चुनौती देते हुए कहा कि अगर बिट्टू विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं, तो आ जाएं, जहां से लड़ना है लड़ लें। श्री आनंदपुर साहिब के लोग तो उन्हें पहले ही नकार चुके हैं, लुधियाना में भी जनता उन्हें हरा चुकी है।

कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी के सवाल पर वड़िंग ने कहा, कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कैप्टन साहब दोनों पुराने मित्र हैं और लंबे समय तक साथ काम कर चुके हैं। मुमकिन है कि दोनों के बीच कोई बातचीत हुई हो, लेकिन फिलहाल मुझे इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी पिछले 25-30 सालों में सभी नेताओं के मन और दिमाग को अच्छी तरह पढ़ चुके हैं, इसलिए कौन किस तरह वापसी करना चाहता है, वे सब जानते हैं।
- जुआ के फड़ में पुलिस की रेड: जंगल में सजी थी महफिल, दो जुआरी गिरफ्तार, नगद सहित तीन बाइक जब्त
- सावित्री जिंदल ने साधकों संग किया योगाभ्यास, कहा- योग से ही बनेगा स्वस्थ, समृद्ध और संस्कारित भारत
- हरियाणा में अपराध, बेरोजगारी और नशे को लेकर बजरंग गर्ग ने जताई चिंता
- मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी का बड़ा फैसला, धान की कुटाई का शुल्क किया दोगुना …
- हम उन्हें पूरा समर्थन देंगे…अन्नामलाई के बाद प्रदेश उपाध्यक्ष नागराजन ने दिया इस्तीफा

