चंडीगढ़। पंजाब में भीषण गर्मी और धान की बुआई (झोने की लुआइ) के पीक सीजन के बीच बिजली की किल्लत गहराने लगी है। राज्य में बिजली की मांग सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए 17,000 मेगावाट के पार पहुंच चुकी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में मॉनसून की बारिश ही इस स्थिति से राहत दिला सकती है, जिसका किसान भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
आंकड़े बताते हैं कि पंजाब में बिजली की मांग पिछले वर्षों के मुकाबले काफी बढ़ गई है।
बीते दिन राज्य में बिजली की मांग रिकॉर्ड 17,147 मेगावाट तक पहुंच गई। तुलनात्मक रूप से देखें तो 29 जून, 2025 को बिजली की मांग 15,421 मेगावाट थी। इसके अलावा 29 जून, 2024 को बिजली की मांग 16,083 मेगावाट दर्ज की गई थी।
बाहरी स्रोतों पर निर्भरता बढ़ी
जानकारी के अनुसार, पंजाब के अपने बिजली उत्पादन स्रोतों से इस समय सिर्फ 5,788 मेगावाट बिजली का ही उत्पादन हो पा रहा है। यही वजह है कि पंजाब को 11,359 मेगावाट बिजली बाहरी स्रोतों से लेनी पड़ रही है, जिसमें से अकेले केंद्रीय पूल से 10,594 मेगावाट बिजली की आपूर्ति की जा रही है।
गर्मी और धान के सीजन ने बढ़ाई खपत
बिजली की इस रिकॉर्ड मांग के पीछे दो मुख्य कारण हैं-भीषण गर्मी और धान का सीजन। खेतों को तैयार करने (कद्दू करने) और धान की रोपाई के लिए किसान ग्राउंड वाटर (भूजल) का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे ट्यूबवेल की मोटरों के कारण बिजली की खपत बहुत ज्यादा बढ़ गई है। इस बीच किसानों को बिजली कटों का भी सामना करना पड़ रहा है। गर्मी से राहत पाने के लिए घरों में एसी, कूलर, फ्रिज और पंखों का इस्तेमाल बढ़ गया है, साथ ही उद्योगों (इंडस्ट्रीज) की तरफ से भी बिजली की डिमांड में तेजी आई है।

अब मॉनसून पर टिकी नजरें
पंजाब का बिजली विभाग इस समय पूरी तरह मौसम के मिजाज पर नजर बनाए हुए है। अगर आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होती है, तो बिजली की मांग में बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है। धान के सीजन के कारण किसानों की नजरें भी आसमान पर टिकी हैं, क्योंकि भारी बारिश से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस बार मॉनसून अपने तय समय से थोड़ा देरी से चल रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि मॉनसून जुलाई के पहले हफ्ते में पंजाब में दस्तक दे सकता है। हालांकि, इससे पहले ही प्री-मॉनसून एक्टिविटी शुरू होने की संभावना है।
- BJP सरकार ने मनरेगा खत्म किया और…यशपाल आर्य ने बकाया भुगतान और फंड को लेकर सरकार को घेरा, उठाए कई गंभीर सवाल
- DDA की सौगात: ‘लंदन आई’ की तर्ज पर बनेगी ‘दिल्ली आई’, रोहिणी में विकसित होगा एम्यूजमेंट पार्क
- बड़ी खबर : 3 करोड़ की रिश्वत मामले में हरियाणा के IPS अधिकारी दीपक गहलावत गिरफ्तार, CBI की बड़ी कार्रवाई
- ‘भारत-पाकिस्तान दुश्मनी खत्म करें…,’ 117 हस्तियों ने पीएम मोदी और शहबाज शरीफ को चिट्ठी लिखी, कहा- बातचीत फिर शुरू हों
- राजद का 30वां स्थापना दिवस, लालू यादव का हुंकार, हम लड़े हैं और आगे भी लड़ते रहेंगे

