चंडीगढ़। पंजाब ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 की सफल मेजबानी करके अपने शानदार खेल इतिहास में नया अध्याय लिखा है. इसे लेकर खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दावा किया कि पंजाब अब वर्ष 2030 में प्रतिष्ठित हॉकी विश्व कप की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि छह नए हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान पहले ही तैयार किए जा चुके हैं, दो अन्य का काम चल रहा है और विशेष रूप से खेलों के लिए बजट में 1,744 करोड़ रुपये रखे गए हैं.

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि हाॅकी और पंजाब का अटूट रिश्ता है. कई खिलाड़ी यहां का नाम अंतर्राष्ट्रीय स्तर में रोशन कर चुके हैं. इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के सफल प्रबंधन पर पंजाब के लोगों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हॉकी के साथ पंजाब का अटूट रिश्ता, 77 ओलंपियनों और 48 ओलंपिक पदक विजेताओं की महान विरासत और इसका तेजी से मजबूत हो रहा खेल ढांचा इसे बड़े वैश्विक खेल आयोजनों के लिए स्वाभाविक पसंद बनाता है.

उन्होंने कहा कि सरकार पंजाब की महान खेल विरासत को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है. जश्न उस समय और भी बढ़ गया जब भारत ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पर अपना कब्जा बरकरार रखने के लिए जापान को 4-1 से हराया और खचाखच भरे मोहाली स्टेडियम ने शानदार गतका और भांगड़ा की प्रस्तुतियों के माध्यम से पंजाब की महान सांस्कृतिक विरासत के दर्शन किए.

भारत से हारा जापान

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि आज मुझे मोहाली में ‘हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी’ के रोमांचक फाइनल में शिरकत करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ. खचाखच भरा स्टेडियम गतके और भंगड़े में सहित पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाली रंगारंग प्रस्तुतियों से गूंज उठा, जिसने पूरे माहौल को ऊर्जा और उत्साह से भर दिया. भारतीय टीम का हौसला बढ़ाया और टूर्नामेंट के सफल आयोजन में शामिल सभी को बधाई दी. मुझे पूरा भरोसा है कि हमारे खिलाड़ी ट्रॉफी उठाकर देश का नाम रोशन करेंगे. चक दे इंडिया.

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब वर्ष 2030 में प्रतिष्ठित हॉकी विश्व कप की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है. चल रही एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का सफल प्रबंधन बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी करने की राज्य की बढ़ती क्षमता को दर्शाता है. पहली बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करना पंजाब की खेल यात्रा में ऐतिहासिक उपलब्धि है और बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की ओर महत्वपूर्ण कदम है. मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब अपने मेहनती लोगों, महान संस्कृति और गर्मजोशी भरी आतिथ्य के लिए दुनिया भर में जाना जाता है. हर खिलाड़ी और दर्शक पंजाब में अपने ठहराव की अविस्मरणीय यादें लेकर जाएंगे.