चंडीगढ़. पंजाब में एक बार फिर से मौसम बदलने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले 2 दिन हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. इसका असर राज्य के कुछ जिलों में अधिक नजर आएगा वही कुछ जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभवना जताई है. भारतीय मौसम विभाग, चंडीगढ़ की ओर से जारी अपडेट के अनुसार इन 2 दिनों, 12 और 13 अगस्त को पंजाब के ज्यादातर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

मौसम के अनुसार पठानकोट, गुरदासपुर और होशियारपुर जैसे इलाकों में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है, जबकि बाकी जिलों में सिर्फ हल्की बारिश होगी.14 अगस्त को राज्य के पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर, मोहाली में 75 परसेंट से 100 परसेंट बारिश होने की उम्मीद है. इसके साथ ही अमृतसर, तरनतारन, जालंधर, लुधियाना और पटियाला जैसे जिलों में भी कई जगहों पर बारिश हो सकती है.

वहीं पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, अमृतसर, गुरदासपुर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, संगरूर, लुधियाना में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस पर मौसम बारिश वाला रहेगा. कई जगहों पर खासकर पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में 75 परसेंट बारिश की संभावना है. राज्य के बाकी हिस्सों में भी हल्की बारिश की उम्मीद है। 16 अगस्त को होशियारपुर और रूपनगर जैसे जिलों में कई जगहों पर बारिश की संभावना है. पश्चिमी पंजाब के फाजिल्का और मुक्तसर जैसे जिलों में कुछ ही जगहों पर बारिश हो सकती है.