चंडीगढ़। पंजाब में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने बुधवार (7 मई) को राज्य के तीन जिलों और चंडीगढ़ में गरज-चमक, तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावना जताई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं 8 और 9 मई को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।

मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई है। फिलहाल तापमान सामान्य से करीब 6 डिग्री नीचे बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक तापमान रोपड़ में 34.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इन जिलों में आज बारिश और आंधी के आसार

मौसम विभाग ने पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर (रोपड़) के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना जताई है। चंडीगढ़ में भी मौसम बदलने के संकेत हैं।
चंडीगढ़ में एसी 24-25 डिग्री पर रखने का फैसला
बढ़ती बिजली खपत को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने सरकारी विभागों, शिक्षण संस्थानों, व्यवसायिक भवनों और बड़े प्रतिष्ठानों में एयर कंडीशनर का तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस रखने का निर्णय लिया है, ताकि ऊर्जा की बचत की जा सके।

10 मई से सक्रिय होगा नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस

मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल पहाड़ी क्षेत्रों के आसपास एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय है, जिसकी वजह से मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। वहीं 10 मई से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है। इसके असर से पहाड़ी इलाकों में बारिश बढ़ने और मौसम बदलने की संभावना है।

हालांकि पंजाब के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम मुख्य रूप से सूखा रहने का अनुमान है। गुरदासपुर, अमृतसर, फिरोजपुर, बठिंडा, जालंधर, लुधियाना और पटियाला समेत करीब 90 फीसदी क्षेत्रों में बारिश की संभावना बेहद कम बताई गई है।

धीरे-धीरे बढ़ेगा तापमान

बारिश की गतिविधियां कम होने के चलते आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। अभी जहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, वहीं अगले कुछ दिनों में इसके ऊपरी 30 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। हवा में नमी रहने से बीच-बीच में बादल छा सकते हैं, लेकिन व्यापक बारिश के आसार फिलहाल नहीं हैं।

चार जिलों में तापमान 35 डिग्री के पार

पंजाब के चार जिलों में तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। इनमें—
पटियाला – 36.4°C
बठिंडा – 35.5°C
नवांशहर (एसबीएस नगर) – 35.5°C
फाजिल्का – 35.0°C
इसके अलावा अन्य शहरों का तापमान इस प्रकार रहा—
अमृतसर – 34.6°C
लुधियाना – 34.6°C
चंडीगढ़ – 34.3°C
पठानकोट – 33.9°C
रोपड़ – 33.4°C
मोहाली – 33.3°C
होशियारपुर – 32.1°C
गुरदासपुर – 30.0°C

अगले 48 घंटे में 2 डिग्री बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के अनुसार अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट आने के संकेत हैं। वहीं 10, 11 और 12 मई को पंजाब के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज होने की संभावना जताई गई है।

अगले तीन दिनों का मौसम अपडेट

8 मई
किसी प्रकार का मौसम अलर्ट नहीं।
9 मई
पूरे राज्य में मौसम सामान्य रहने की संभावना।
10 मई
पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और मोहाली में गरज-चमक, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना।