Puri Rath Yatra 2026: पुरी. विश्व प्रसिद्ध पुरी रथयात्रा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए ओडिशा पुलिस ने सुरक्षा तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है. इसी कड़ी में ओडिशा पुलिस की ‘स्पेशल टैक्टिकल यूनिट’ द्वारा पुरी में एक मेगा मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. संभावित आतंकवादी गतिविधियों और किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए एसटीयू की टीम लगातार सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन का अभ्यास कर रही है.

इस बार की सुरक्षा तैयारियों में तकनीकी का विशेष उपयोग देखने को मिल रहा है. आतंकवादियों की संदिग्ध गतिविधियों और उनके मूवमेंट पर नजर रखने के लिए STU द्वारा पहली बार एक अत्याधुनिक सर्विलांस रोबोट का इस्तेमाल किया जा रहा है. यह रोबोट भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बलों को सटीक इनपुट देने में सहायक होगा .

सुरक्षाबलों का यह संयुक्त मॉक ड्रिल पिछले कुछ दिनों से शहर के अलग-अलग हिस्सों में चल रहा है. इसकी शुरुआत सबसे पहले श्रीगुंडिचा मंदिर के पास स्थित एक इमारत से हुई, जिसके बाद पुरी रेलवे स्टेशन पर भी व्यापक अभ्यास किया गया. इसी क्रम में एक निजी होटल के साथ-साथ श्रीजगन्नाथ मंदिर के ठीक सामने स्थित एक बड़ी इमारत को प्रतीकात्मक रूप से नियंत्रण में लेकर आतंकवाद-विरोधी अभियान का डेमो किया गया.

इस विशेष अभियान में STU के 15 से अधिक कमांडो शामिल हुए. इसके साथ ही, किसी भी अप्रिय स्थिति या आगजनी से निपटने के लिए दमकल विभाग के कर्मचारी अपने अत्याधुनिक उपकरणों के साथ मुस्तैद दिखे. ओडिशा आपदा प्रतिक्रिया बल की टीम भी इस मॉक ड्रिल का हिस्सा रही. कुल मिलाकर, इस बार रथयात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन सुनिश्चित करने के लिए जमीन से लेकर आसमान तक कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं.

देखें वीडियो

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H