Odisha Desk, पुरी: विश्व प्रसिद्ध पुरी रथ यात्रा के पावन अवसर पर, रथों पर भक्तों को दर्शन देने के बाद अब चतुरधा मूर्ति (चारों विग्रहों) की ‘आड़प मंडप बिजे’ नीति का शुभारंभ हो गया है। शरदधाबाली पर भव्य रूप से खड़े तीन विशाल रथों तालध्वज, दर्पदलन और नंदीघोष से महाप्रभु श्री जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र, देवी सुभद्रा और चक्रराज सुदर्शन को पारंपरिक ‘गोटी पहंडी’ अनुष्ठान के जरिए श्री गुंडिचा मंदिर के जन्मवेदी यानी आड़प मंडप में विराजमान कराया जा रहा है।

पारंपरिक अनुष्ठान और गोटी पहंडी

धार्मिक परंपराओं और नीति के अनुसार, सबसे पहले मदनमोहन और रामकृष्ण जी की पहंडी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इसके बाद क्रमशः चक्रराज सुदर्शन, बड़े भाई बलभद्र, पूजनीय देवी सुभद्रा और अंत में जगत के नाथ महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी को सेवक बड़े ही आदर और सुरक्षा के साथ पारंपरिक गोटी पहंडी के माध्यम से जन्मवेदी के अंदर ले जा रहे हैं। भगवान के इस अलौकिक पहंडी स्वरूप के दर्शन करने के लिए शरदधाबाली और गुंडिचा मंदिर के बाहर देश-विदेश से आए लाखों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। पूरा वातावरण ‘जय जगन्नाथ’ और ‘हरि बोल’ के जयघोष से गूंज रहा है।

प्रशासन और पुलिस की पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था

इस पवित्र ‘आड़प बिजे’ नीति को बिना किसी बाधा के और पूरी तरह से अनुशासित ढंग से संपन्न कराने के लिए श्री मंदिर प्रशासन (SJTA), दैतापति सेवायतों और ओडिशा पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक प्रबंध किए गए हैं। भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए तीनों रथों के चारों ओर एक कड़ा सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए इनर (आंतरिक) और आउटर (बाहरी) कॉर्डन बनाए गए हैं। इसके साथ ही भारी संख्या में विशेष पुलिस बल और सादे कपड़ों में खुफिया पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।

कल से मिलेगा आड़प महाप्रसाद:

आज रात आड़प मंडप बिजे नीति के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद, कल (रविवार) से आम श्रद्धालु जन्मवेदी पर महाप्रभु के भव्य ‘आड़प दर्शन’ कर सकेंगे। इसके साथ ही भक्तों को पुरी का सबसे पवित्र और दुर्लभ माना जाने वाला ‘आड़प अभड़ा’ (Adapa Abhada/Mahaprasad) पाने का परम सौभाग्य भी प्राप्त होगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, रथ यात्रा के दौरान गुंडिचा मंदिर में महाप्रसाद का सेवन करने से करोड़ों पुण्यों का लाभ मिलता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m