Attack on Pappu Yadav: पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर हमला हुआ है। उनपर यह हमला उस समय हुआ, जब वे दिल्ली स्थित अपने आवास पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। बताया जा रहा है कि पप्पू यादव पर चाकू से हमला करने की कोशिश की गई और उनपर चप्पल फेंका गया। हालांकि इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने हमलावर को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घटना को लेकर पप्पू यादव ने कहा कि, मैंने पहले ही कई FIR दर्ज कराई हैं… मेरे वकील भी यहां मौजूद हैं। मैं डरूंगा नहीं। अगर कोई मुझे मारना चाहता है, तो मार दे।

तो आज मैं खत्म हो जाता- पप्पू यादव

पप्पू यादव ने कहा कि, मैं जनता के बीच घिरा हुआ था। सभी मीडिया के साथी मौजूद थे, वार्ता हो ही रही थी उतने में ये हुआ। मुझे मारने की साजिश तो चल ही रही है। कई बाबा मुझे ‘जलाने-मारने’ की बात कर रहे हैं। यदि वहां पर इतने लोग मौजूद नहीं होते तो आज मैं खत्म हो जाता। कल रात ही मेरे परिजनों को भी परेशान किया गया है…मैंने तो कुछ कहा ही नहीं… 200 किलोग्राम सोना और चांदी कहां गया? ये सवाल जरूरी हैं।

उन्होंने आगे कहा कि, दिल्ली पुलिस काफी काबिल है। मैं बहुत दिनों से सुरक्षा की मांग कर रहा हूं। कई बाबा मुझे मारने की बातें कर रहे हैं। क्या कोई साधु इस तरह की बातें करेगा?… मैंने कौन सा पाप किया है?

चाकू लेकर पहुंचा था हमलावर- समर्थक

वहीं, पूर्णिया सांसद पर हुए हमले को लेकर उनके एक समर्थक ने कहा कि, पप्पू यादव एक जन नेता हैं। वे 24 घंटे जनता की सेवा करते हैं…वो हमलावर था। जैसे ही उसने पीछे से चाकू निकाला, हम लोगों ने उसे मिलकर पकड़ लिया।

पप्पू यादव के वकील का बयान

मामले को लेकर पप्पू यादव के वकील का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि, आज की घटना बहुत निंदनीय है। ये दिल्ली पुलिस की विफलता दिखाती है, दिल्ली पुलिस की षड्यंत्रगर्दी दिखाती है कि कैसे दिल्ली पुलिस सत्ता पक्ष के साथ मिलकर 6 बार चुने गए सांसद के खिलाफ षड्यंत्र में सहयोग कर रही है। इसे पुलिस की विफलता कहें या संयोग कहें या क्या कहें?

उन्होंने कहा कि, पिछले दो दिनों से हम लगातार शिकायत कर रहे हैं कि 6 बार के चुने हुए सांसद के खिलाफ किस प्रकार का षड्यंत्र रचा जा रहा है। उनके खिलाफ ट्विटर पर खुलेआम ट्वीट किए जा रहे हैं… आज इतनी शिकायतों के बाद दिल्ली पुलिस द्वारा पूर्ण आश्वासन दिए जाने के बाद, कि पूर्ण सुरक्षा का इंतजाम किया जाएगा, सिर्फ और सिर्फ यहां पर मुट्ठी भर 3 या 4 पुलिस कर्मी मौजूद थे।

ये भी पढ़ें- ‘कुछ लोग छुपकर शराब पी लेते हैं’, शराबबंदी पर CM सम्राट चौधरी का बड़ा बयान