उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली पर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की. उन्होंने देहरादून में गढ़वाल रेजिमेंट के जवानों और उनके परिवारों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं.

देहरादून. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली के अवसर पर रविवार को प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कामना की कि रोशनी का यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए भी लोगों को त्योहार की बधाई दी.

सुख-समृद्धि की कामना

मुख्यमंत्री धामी ने अपने संदेश में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश का आशीर्वाद सभी पर बने रहने की कामना की. उन्होंने कहा कि दीपावली की रोशनी से हर घर और आंगन जगमगाए तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और सकारात्मकता का विस्तार हो.

उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि यह पर्व प्रदेशवासियों के जीवन में सुख-समृद्धि के साथ रिद्धि-सिद्धि और आरोग्य लेकर आए.

जवानों के साथ मनाई दिवाली

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में गढ़वाल रेजिमेंट के जवानों के साथ दीपावली मिलन समारोह में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने सैनिकों और उनके परिजनों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं.

धामी ने कहा कि दीपावली खुशियों का त्योहार है, लेकिन देश के सैनिक कई पर्व अपने परिवार से दूर रहकर मनाते हैं. वे सीमाओं की सुरक्षा और राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं. उनका त्याग, साहस, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा पूरे देश के लिए प्रेरणा है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिक परिवार से जुड़े होने के कारण जवानों के प्रति उनका विशेष भावनात्मक जुड़ाव है. उन्होंने कामना की कि देश की रक्षा में तैनात मां भारती के सभी वीर सपूत स्वस्थ, सुरक्षित और प्रसन्न रहें.

मोदी सरकार की तारीफ

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन की सराहना की. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के स्तर पर सैनिकों के सम्मान, कल्याण और सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है. धामी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार सैनिकों के साथ-साथ उनके परिवारों के हितों और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं.