रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के समर्थन वाली युनाइटेड रशिया पार्टी ने एक बार फिर आम चुनावों में जीत का परचम लहरा दिया है. लंबे समय से यूक्रेन के साथ युद्ध में होने के बावजूद पार्टी ने बंपर बहुमत हासिल किया है. पुतिन की पार्टी ने संसद की 450 सीटों में से रिकॉर्ड 355 सीटें जीती हैं. सेंट्रल इलेक्शन कमीशन के अनुसार, 95% से ज़्यादा पोलिंग स्टेशनों के नतीजों से पता चला कि क्रेमलिन की ‘यूनाइटेड रशिया’ पार्टी को पार्टियों के लिए तय 225 सीटों में से 58% से कुछ कम वोट मिले. बाकी 225 सांसद सिंगल-बैलेट मुकाबलों में चुने गए और नतीजों में ‘यूनाइटेड रशिया’ के उम्मीदवार इनमें से 208 सीटों पर आगे रहे.
355 सीटें जीतीं
सेंट्रल इलेक्शन कमीशन की चेयरपर्सन एला पमफिलोवा ने कहा कि शुरुआती नतीजों से संकत मिला है कि ‘यूनाइटेड रशिया’ को 450 में से 355 सीटें जीतीं, जो पार्टी के लिए अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा होगा.
2021 में मिले थे इतने वोट
यह फरवरी 2022 में यूक्रेन के साथ शुरू हुए संघर्ष के बाद पहला संसदीय चुनाव है. पुतिन ने चुनाव को यूक्रेन में लड़ रहे रूसी सैनिकों के समर्थन से जोड़कर पेश किया था. 2021 के पिछले संसदीय चुनाव में यूनाइटेड रशिया ने स्टेट ड्यूमा 450 में से 324 सीटों पर कब्जा किया था.
इन चुनावों में युद्ध-विरोधी पार्टी याब्लोको को इस बार चुनाव लड़ने से रोक दिया गया था. हालांकि, पार्टी के कई नेताओं को कुछ सीटों से चुनाव लड़ने की इजाजत दे दी गई थी. कथित तौर पर कई सरकार विरोधी नेताओं और उम्मीदवारों को भी चुनाव लड़ने का मौका नहीं मिला. रूस में इस चुनाव में 56.66 फीसदी लोगों ने वोट डाला. मास्को में मतदान रिकॉर्ड स्तर पर रहा.
पुतिन यूनाइटेड रशिया पार्टी के सदस्य नहीं
बता दें कि, राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूनाइटेड रशिया पार्टी के सदस्य नहीं हैं. हालांकि, वे 2008 से 2012 तक इसके अध्यक्ष जरूर रहे हैं. उस समय भी वे पार्टी के औपचारिक सदस्य नहीं थे. पार्टी नियमों के मुताबिक, अध्यक्ष होने के लिए सदस्यता अनिवार्य नहीं है. 2012 में पुतिन ने पार्टी अध्यक्ष पद छोड़ दिया था. इसके बाद दिमित्री मेदवेदेव को कमान सौंपी गई.
ये चुनाव यूक्रेन के ड्रोन हमलों के बीच संपन्न हुए. रूस में संसदीय चुनाव के आखिरी दिन रविवार को यूक्रेन ने मास्को और आसपास के इलाकों में कथित तौर पर 1,600 से ज्यादा ड्रोन भेजे. मास्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने दावा किया कि राजधानी को निशाना बनाकर 450 ड्रोन भेजे गए थे.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



